UP के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक, CM योगी ने लखनऊ PGI पहुंचकर जाना हालचाल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ पीजीआई पहुंचकर भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का हाल चाल जाना। पढ़िये पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 27 July 2021, 4:57 PM IST

लखनऊ: खराब स्वास्थ्य के बाद पिछले कुछ दिनों से लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में भर्ती उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। कल्याण सिंह के गिरते स्वास्थ्य की जानकारी के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  एसजीपीजीआई पहुंचे। सीएम योगी ने डॉक्टरों से बातचीत कर कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। 

जानकारी के मुताबिक एसजीपीजीआई में भर्ती कल्याण सिंह को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक 89 वर्षीय कल्याण सिंह की स्वास्थ्य स्थिति नाजुक बनी हुई है इसलिये उन्हें लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। 

सीएम योगी मंगलवार को कल्याण सिंह का हालचाल जानने के लिये एसजीपीजीआई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन से बातचीत कर पूर्व सीएम के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवारीजन मौजूद हैं।

संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने बताया कि कल्याण सिंह को लाइफ सेविंग सपोर्ट सिस्टम पर ही रखा गया है। हर पल उनके स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग की जा रही है। कई विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर जनर रखे हुए हैं।

बता दें कि कल्याण सिंह को 4 जुलाई को संक्रमण और बेहोशी के कारण एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में उनका इलाज किया जा रहा था। 

Published : 
  • 27 July 2021, 4:57 PM IST

No related posts found.