
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के नामचीन मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच में अब एक और सनसनीखेज धमकी का मामला सामने आय़ा है। इस ताजे मामले में अयोध्या राम मंदिर विवाद मामले की सुनवाई से जुड़े सेवानिवृत न्यायाधीश सेठ शैलेंद्र नाथ टंडन को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। रिटायर्ड जज की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ में गोमतीनगर के विराम खंड पांच में रहने वाले सेवानिवृत जज शैलेंद्र नाथ टंडन को शुक्रवार रात एक अनजान नंबर से जान से मारने की धमकी दी गई है। गोमती नगर पुलिस को दी गई शिकायत में रिटायर्ड जज का कहना है कि फोन करने वाले ने पहले उन्हें गालियां दी और बाद में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोबाइल फोन नंबर के धारक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि सर्विलांस की मदद से फोन करने वाले की तलाश की जा रही है। उनके आवास पर सुरक्षा बढ़ाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जिस नंबर से फोन किया गया था, उसका सिम कार्ड फर्जी आईडी से खरीदे जाने की जानकारी मिली है। अब इस प्रकरण में सर्विलांस सेल की मदद से छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
बता दें कि रिटायर्ड जज अयोध्या के विवादित ढांचा समेत राम मंदिर की लम्बी सुनवाई से जुड़े सीबीआइ कोर्ट के विशेष न्यायाधीश रह चुके हैं। विवादित ढांचा का फैसला आने के बाद से उनको सुरक्षा दी गई थी। धमकी के बाद रिटायर्ड जज की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।
Published : 10 August 2021, 3:13 PM IST
Topics : अयोध्या राम मंदिर उत्तर प्रदेश धमकी पुलिस रिटायर्ड जज लखनऊ विवादित ढांचे सेठ शैलेंद्र नाथ टंडन