
लखनऊ: थाना क्षेत्र नाका पुलिस ने लखनऊ के चारबाग बस स्टैंड से यात्रियों से अवैध उगाही कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी खुद को क्राइम ब्रांच से जुड़ा दरोगा बताकर यात्रियों से तलाशी के नाम पर उनके पैसे छीन लेते थे। एक यात्री के माध्यम से जानकारी मिलने पर नाका पुलिस के दरोगा वैभव कुमार सिंह मौका पर पहुंचे। जब उन्होंने तीनों व्यक्तियों से उनका ID कार्ड मांगा तो वे बातें बनाने लगे। जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी पश्चिम विकास सन त्रिपाठी ने बताया कि तीनों आरोपियों के नाम चेतन शर्मा निवासी मानक नगर, सुमित सोनकर और सरफराज निवासी कृष्णा नगर हैं। तीनों के खिलाफ लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र समेत दूसरे इलाकों में भी ठगी की शिकायतें मिली है। अब तीनों से दूसरी घटनाओं के बारे में जानकारी ली जा रही है। यात्रियों की शिकायत पर तीनों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है।
Published : 22 July 2018, 6:49 PM IST
Topics : Lucknow आरोपी एसपी पुलिस गिरफ्तार फर्जी दरोगा लखनऊ