
लखनऊ: शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। रिजिवी के ड्राइवर की पत्नी ने उन पर धमकी देकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया हैं। पुलिस द्वारा मामला दर्ज न किये जाने पर पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर वसीम रिजवी के खिलाफ सआदतगंज कोतवाली में गुरुवार को दुष्कर्म रिपोर्ट दर्ज की गई।
जानकारी के मुताबिक वसीम रिजवी के ड्राइवर की पत्नी ने बीते 22 जून को थाने में एक तहरीर देकर वसीम रिजवी पर खई गंभीर आरोप लगाये थे। तहरीर में पीड़िता का कहना था कि उनका पति कई साल शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के यहां ड्राइवर का काम करते थे। रिजवी ने यतीमखाने के पास ही उनके पति को एक सर्वेंट क्वार्टर दिया था। महिला ने बताया कि वसीम रिजवी अक्सर यतीमखाने में ही रहते थे और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करते थे। किसी को बताने पर परिवार और उसको जान से मारने की धमकी देते थे।
महिला का आरोप है कि इस दौरान रिजवी उनके पति के किसी बहाने से गाड़ी लेकर शहर से बाहर भेज दिया करते थे। पांच साल पहले भी उन्होंने जबरन दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। आरोप है कि रिजवी ने पुलिस में शिकायत करने पर पति समेत पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस द्वारा मामला दर्ज न करने के बाद पीड़ित महिला ने कोर्ट में भी अर्जी डाली थी। कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को वसीम रिजवी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
Published : 15 July 2021, 6:16 PM IST