VIDEO: सपा कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अखिलेश यादव पहुंचे लखनऊ पुलिस मुख्यालय, सपाइयों का जमकर विरोध प्रदर्शन

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार सुबह लखनऊ पुलिस मुख्यालय पहुंचे। मनीष की गिरफ्तारी का जमकर विरोध किया जा रहा है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 8 January 2023, 2:04 PM IST

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव रविवार सुबह सपा कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस मुख्यालय पहुंचे। मनीष को पुलिस द्वारा आज सुबह गिरफ्तार किया गया। अखिलेश यादव ने मनीष की गिरफ्तार को शर्मनाक बताते हुए उसे शीघ्र रिहा करने की मांग की है। मनीष की गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस मुख्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद हैं, जो मनीष की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

पुलिस मुख्यालय के बाद अखिलेश यादव मनीष अग्रवाल से मुलाकात करने के लिये गोसाईगंज थाना गये। पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार कर गोसाईगंज थाने में रखा है। वहां भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद हैं, जो मनीष की रिहाई की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल न होने को लेकर दिया ये बड़ा बयान, जानिये क्या कहा

आज सुबह मनीष अग्रवाल की गिरफ्तारी की सूचना के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सुबह 11 बजे गोमतीनगर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल भी मौजूद रहे। 

पुलिस मुख्यालय में अखिलेश यादव का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गोमतीनगर पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधिकारी कड़ाके की ठंड के बीच अखिलेश यादव को चाय ऑफर कर रहे हैं लेकिन अखिलेश यादव ने पुलिस के ऑफर को ठुकरा दिया। अखिलेश यादव कहते हैं कि उन्हें वहां की चाय पर थोड़ा सा भी भरोसा नहीं है। वे अपने कार्यकर्ता को कहते हैं कि यदि बाहर कोई दुकान खुली हो तो वहां से चाय ला सकते हैं। वे यहां की चाय नहीं पीयेंगे।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म करने का प्रयास कर रही है

अखिलेश यादव के गोमतीनगर पुलिस मुख्यालय पहुंचने के साथ ही वहां बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी पहुंच गये। सपाइयों ने सरकार और पुलिस के खिलाफ वहां जमकर नारेबाजी की। सपा कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल की शीघ्र रिहाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) अर्पणा रजत कौशिक ने कहा कि मनीष को आज सुबह हजरतगंज से गिरफ्तार किया गया। उन पर सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

भाजपा युवा मोर्चा की उत्तर प्रदेश इकाई की एक महिला पदाधिकारी ने गुरूवार 6 जनवरी को हजरतगंज कोतवाली में सपा मीडिया सेल के ट्विटर हैंडल पर उसे बलात्कार और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप में मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद आज उनकी गिरफ्तारी हुई। 

Published : 
  • 8 January 2023, 2:04 PM IST

No related posts found.