
लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव ने आज उच्च न्यायालत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज दोपहर न्यायमूर्ति संजय यादव को शपथ दिलाई। इस मौके पर सीएम योगी समेत कई अन्य मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।
चीफ जस्टिस के रूप में न्यायमूर्ति संजय यादव के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के विधि एवं कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी, डीजीपी एचसी अवस्थी तथा न्यायमूर्ति संजय यादव और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का कार्यकाल इसी महीने की 25 तारीख तक ही है। इससे पहले वह 14 अप्रैल से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम कर रहे थे।
जस्टिस संजय यादव ने 25 अगस्त 1986 को मध्य प्रदेश में वकील के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भी प्रैक्टिस शुरू की। मध्य प्रदेश के उप-महाधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद 2 मार्च, 2007 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया।
जस्टिस यादव को 15 जनवरी, 2010 को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। 6 अक्टूबर, 2019 से 02 नवंबर, 2019 तक और 30 सितंबर, 2020 से 02 जनवरी, 2021 तक मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।
जस्टिस संजय यादव सिविल, संवैधानिक व राजस्व मामलों के अधिवक्ता के रूप में फेमस हैं। वह मध्य प्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रह चुके हैं।
Published : 13 June 2021, 4:08 PM IST
Topics : इलाहाबाद उत्तर प्रदेश गर्वनर चीफ जस्टिस मुख्य न्यायाधीश राजभनव शपथ ग्रहण संजय यादव हाई कोर्ट
No related posts found.