
बस्ती: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जीआईसी ग्राउंड में गठबंधन के प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला किया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार अखिलेश ने कहा कि 2024 का चुनाव बहुत अलग होने जा रहा है। जनता इस बार सारी सीमाओं को तोड़ते हुए पूरे तरीके से इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है।
उन्होंने कहा कि रविवार को राहुल गांधी प्रयागराज-फूलपुर गए हुए थे। वहां भी लोगों का खूब समर्थन देखने को मिला। जैसे-जैसे चुनाव बढ़ता जा रहा जनता का गुस्सा भाजपा के लिए बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि 7वें चरण में जनता का गुस्सा सांतवें आसमान पर होगा। भाजपा के लोग संविधान को हटाना चाहते हैं और हम लोग संविधान की रक्षा करने निकले हैं। आप लोग भी संकल्प लीजिए, संविधान बदलने वालों को आप लोग बदल देंगे। सरकार तो बदलेगी ही उसके साथ मंत्री मंडल भी बदलेगा और मीडिया मंडल भी बदलेगा।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विगत 10 सालों से आप लोगों ने सब कुछ झूठ ही देखा है। किसानों की आय दोगनी की बात करते थे, लेकिन किसी की आय नहीं बढ़ी। उल्टा लागत बढ़ा दी। साथ ही खाद्य, डीजल, कीटनाशक और महंगा कर दिया। किसान लगातार कर्ज से घिरा हुआ है।
Published : 20 May 2024, 6:03 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Basti Lok Sabha Election Opposition अखिलेश यादव इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश प्रत्याशी बस्ती समर्थन