West Bengal: हिंसा प्रभावित कालियागंज में जनजीवन धीरे-धीरे हो रहा सामान्य, कानून- व्यवस्था के लिए पुलिस बल अब भी तैनात

पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के हिंसा प्रभावित कालियागंज में जनजीवन सामान्य हो गया है। हालांकि, कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 1 May 2023, 8:54 AM IST

कालियागंज: पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के हिंसा प्रभावित कालियागंज में जनजीवन सामान्य हो गया है। हालांकि, कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

कालियागंज में नहर से एक लड़की का शव मिलने के बाद हिंसक प्रदर्शन करते हुए स्थानीय लोगों ने थाने में तोड़फोड़ की थी। पुलिस की कथित गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन दिन पहले सुरक्षा उपाय के तौर पर कालियागंज के कुछ हिस्सों में बंद की गई इंटरनेट सेवा रविवार शाम छह बजे बहाल कर दी गई। हालांकि, दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले दो दिनों में स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ है। बाजार और दुकानें खुली हैं और हमने इंटरनेट सेवाएं बहाल करने का फैसला किया है। हालांकि, निषेधात्मक आदेशों को रद्द करने पर निर्णय समीक्षा के एक और दौर के बाद लिया जाएगा।’’

ट्यूशन क्लास के लिए घर से निकलने के बाद लापता हुई लड़की का शव 21 अप्रैल को नहर में मिला था। लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि उससे बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। लड़की के पिता ने 20 वर्षीय एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

लड़की के शव के पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। लड़की के परिवार ने मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने का अनुरोध करते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया है। पुलिस की ‘‘निष्क्रियता’’ के विरोध में प्रदर्शनकारी भीड़ ने कालियागंज थाने में तोड़फोड़ की थी।

Published : 
  • 1 May 2023, 8:54 AM IST

No related posts found.