गुजरात उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्णकांत वखारिया का 92 साल की उम्र में निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात उच्च न्यायालय के अधिवक्ता कृष्णकांत वखारिया का रविवार को यहां 92 साल की उम्र में निधन हो गया।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 January 2023, 8:20 AM IST

अहमदाबाद: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात उच्च न्यायालय के अधिवक्ता कृष्णकांत वखारिया का रविवार को यहां 92 साल की उम्र में निधन हो गया।

गुजरात कांग्रेस के कानूनी प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष वखारिया ने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि वह बीमार थे।

अमरेली जिले के बगासरा गांव के मूल निवासी वखारिया ने अहमदाबाद में कानून की पढ़ाई की। उन्होंने अपना कानूनी करियर 1954 में राजकोट में शुरू किया।

दोशी ने कहा कि वह गुजरात उच्च न्यायालय में छह दशकों तक वकालत करने के साथ एक सफल वकील और संविधान के जाने माने विशेषज्ञ थे। वखारिया ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता सहित कई सफल वकीलों का मार्गदर्शन किया।

वह 2010 तक पार्टी के कानूनी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में गुजरात कांग्रेस के कानूनी सलाहकार थे।

दोशी ने कहा कि वखारिया ने विश्व गुजराती समाज के संस्थापक और अध्यक्ष के रूप में गुजराती प्रवासियों की भी सेवा की।

Published : 
  • 23 January 2023, 8:20 AM IST

No related posts found.