
कटक: न्यायमूर्ति सुभासिस तलपात्रा ने मंगलवार को यहां उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ओडिशा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने उड़ीसा उच्च न्यायालय परिसर में एक समारोह के दौरान नए मुख्य न्यायाधीश को पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति तलपात्रा ने उड़ीसा उच्च न्यायालय के 33वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनसे पहले न्यायमूर्ति एस मुरलीधर यह जिम्मेदारी निभा रहे थे।
न्यायमूर्ति तलपात्रा दो महीने से कम समय तक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर सेवाएं देंगे और तीन अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे। इससे पहले, उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने इस पद के लिए न्यायमूर्ति तलपात्रा के नाम की सिफारिश की थी और कहा था कि उन्होंने दो उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश के तौर पर सेवाएं दीं और उनके पास इस पद के लिए आवश्यक अनुभव है।
त्रिपुरा के उदयपुर में चार अक्टूबर, 1961 को जन्मे न्यायमूर्ति तलपात्रा ने कलकत्ता विश्वविद्यालय से कला और कानून में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उनका 12 सितंबर, 1990 को असम, नगालैंड, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश की बार काउंसिल में पंजीकरण हुआ था। उन्होंने मुख्य रूप से गौहाटी उच्च न्यायालय की अगरतला पीठ में वकालत की। उन्हें 21 दिसंबर 2004 को वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया।
न्यायमूर्ति तलपात्रा को 15 नवंबर, 2011 को गौहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था और 2013 में त्रिपुरा के लिए एक अलग उच्च न्यायालय की स्थापना होने पर उन्होंने अपने मूल उच्च न्यायालय के रूप में त्रिपुरा उच्च न्यायालय को चुना। न्यायमूर्ति तलपात्रा अपने स्थानांतरण के बाद 10 जून से उड़ीसा उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
Published : 8 August 2023, 5:45 PM IST
Topics : Chief Justice Justice Talpatra Odisha high court उच्च न्यायालय उडीसा कटक न्यायमूर्ति सुभासिस तलपात्रा मुख्य न्यायाधीश शपथ