Jammu Kashmir: पुंछ में दो जवानों की खोज में मदद करने वाले युवा सम्मानित, जानिये पूरे अभियान के बारे में

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ में बहे दो जवानों की खोज के लिए चलाए गए बचाव अभियान में मदद करने वाले छह नागरिकों को सेना ने सम्मानित किया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 12 July 2023, 6:06 PM IST

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ में बहे दो जवानों की खोज के लिए चलाए गए बचाव अभियान में मदद करने वाले छह नागरिकों को सेना ने सम्मानित किया है।

सेना ने उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए मंगलवार को पुंछ में एक विशेष समारोह आयोजित किया और उनकी वीरता और मदद के लिए उन्हें सम्मानित किया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान डोगरिया गांव के करामात हुसैन, शकील अहमद, इमरान अहमद, मुश्ताक अहमद, रजा खान और बेहरामगल्ला के अफ़तार अहमद ने अपनी जान की तक की परवाह नहीं की।

लांस नायक तेलू राम शनिवार को पुंछ के दुर्गम इलाके में ड्यूटी पर थे। तभी एक पहाड़ी नदी को पार करते समय अचानक आई बाढ़ में वह बह गए। गश्ती दल के प्रमुख नायब सूबेदार कुलदीप सिंह ने उन्हें बचाने का प्रयास में अपनी जान गंवा दी।

सिंह का शव शनिवार रात को ही बरामद कर लिया गया, जबकि तेलू राम का शव अगले दिन मिला।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में स्थानीय लोग सैनिकों के शव खोजने में सेना की मदद करते दिख रहे हैं।

Published : 
  • 12 July 2023, 6:06 PM IST

No related posts found.