
तिरुनेलवेली: तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में एक आईपीएस अधिकारी ने कथित तौर पर कम से कम 10 गिरफ्तार पुरुषों को प्रताड़ित किया। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी पर इनमें से कुछ आरोपियों के दांत उखाड़ने और दो पुरुषों के अंडकोष फोड़ने का आरोप है।
सूत्रों ने बताया कि पीड़ित लोगों ने अधिकारी के खिलाफ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है और तिरुनेलवेली के जिलाधिकारी के.पी. कार्तिकेयन ने जांच के आदेश दिये हैं।
उन्होंने बताया कि आरोप के बाद राज्य पुलिस ने उन्हें उनकी तैनाती (पोस्टिंग) से मुक्त कर दिया है और उन्हें अनिवार्य प्रतीक्षा पर रखा है।
जिलाधिकारी ने तमिलनाडु पुलिस स्थायी आदेश के अनुसार एक उपसंभागीय मजिस्ट्रेट द्वारा जांच का आदेश दिया है।
साल 2020 बैच के पुलिस उपाधीक्षक बलवीर सिंह ने हाल ही में अलग-अलग मामलों में पकड़े गए लोगों को कथित तौर पर प्रताड़ित किया।
राजस्थान के मूल निवासी अधिकारी तिरुनेलवेली जिले में अम्बासमुद्रम पुलिस उपसंभाग में तैनात थे। अधिकारी से तत्काल टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।
Published : 28 March 2023, 8:54 AM IST
Topics : IPS officer Order for Inquiry Third Degree Torture आईपीएस अधिकारी जांच के आदेश तमिलनाडु तिरुनेलवेली थर्ड डिग्री टॉर्चर