
रामपुर: कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई प्रमुख प्रतिभा सिंह ने रविवार को कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार और पार्टी के बीच कोई मतभेद नहीं हैं, लेकिन कई कार्य अभी तक पूरे नहीं हुए हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए उचित पुरस्कार दिया जाना चाहिए।
सिंह ने मंडी लोकसभा क्षेत्र का दौरा करने के दौरान कहा कि उन्होंने अपनी संसदीय सीट के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में लोगों से बातचीत की।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस आलाकमान उम्मीदवारों की जीत की क्षमता का आकलन करने के लिए एक स्वतंत्र एजेंसी से सर्वेक्षण करवा रहा है और पार्टी भी ‘‘उसी तर्ज पर काम कर रही है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या टिकट मिलने पर वह मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी, सिंह ने कहा, ‘‘आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मैंने पहले ही मंडी लोकसभा क्षेत्र का दौरा शुरू कर दिया है और मतदाताओं से क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के बारे में बात की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले ही चंबा जिले के पांगी, भरमौर तथा लाहौल और स्पीति के दुर्गम बर्फीले इलाकों का दौरा किया है और चुनावी मुद्दों पर लोगों के साथ बैठकें और चर्चा की।’’
राज्य में मंडी एकमात्र लोकसभा सीट है, जिसपर कांग्रेस का कब्जा है, शेष तीन सीट - शिमला, हमीरपुर और कांगड़ा- भाजपा के पास हैं।
वर्ष 2022 में सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुख्यमंत्री पद की दौड़ में पिछड़ चुकीं सिंह ने कहा कि सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच कोई मतभेद नहीं है, लेकिन राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के बाद कई काम ऐसे हैं, जो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘जिन पार्टी कार्यकर्ताओं ने नि:स्वार्थ भाव से पार्टी के लिए दिन-रात काम किया है, उन्हें उचित पुरस्कार दिया जाना चाहिए और समायोजित किया जाना चाहिए। हम पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाज उठाना जारी रखेंगे।’’
Published : 11 February 2024, 7:09 PM IST
Topics : Himachal Pradesh Party Worker Pratibha Singh reward कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता पुरस्कार प्रतिभा सिंह रामपुर हिमाचल प्रदेश