Site icon Hindi Dynamite News

Assam Mizoram Clash: असम-मिजोरम बॉर्डर पर अब भी तनाव, देखिये जवानों की मौत पर ‘जश्न’ का वायरल हो रहा वीडियो

असम और मिजोरम की सीमा पर सोमवार शाम को हुआ बवाल थमता नहीं दिख रहा है। बताया जाता है कि सीमा पर अब भी तनाव बना हुआ है। असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने एक वीडियो शेयर किया है, जो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Assam Mizoram Clash: असम-मिजोरम बॉर्डर पर अब भी तनाव, देखिये जवानों की मौत पर ‘जश्न’ का वायरल हो रहा वीडियो

नई दिल्ली: असम और मिजोरम बॉर्डर से दूसरे दिन भी तनाव की खबरे हैं। सोमवार को दोनों राज्यों की सीमा पर हुई हिंसा में असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। इस हिंसा के लिये दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री एक-दूसरे की पुलिस को जिम्मेदार बता रहे हैं। अब केंद्र के दखल की मांग की जा रही है। दोनों राज्यों की सीमा पर जारी तनाव के बीच अब एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा ने मंगलवार को ट्विटर पर शेयर किया।

असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने सिलचर पहुंचकर मृतक जवानों की दी श्रद्धांजलि 

हिमंता विस्वा सरमा के ट्विटर हैंडल से शेयर किये गये इस वीडियो में सीएम ने कहा कि असम के पुलिसकर्मियों की मौत पर मिजोरम के उपद्रवियों और जवानों ने द्वारा जश्न मनाया जा रहा है। यह बेहद दुखद और भयानक है। वीडियो में जवानों को जश्न मनाते साफ देखा जा सकता है। 

असम और मिजोरम की सीमा पर कल शाम को हुए बवाल के बाद अब कई नेताओं द्वारा केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप की मांग की जा रही है। सीमा पर बढ़ते विवाद को रोकने के लिये अब सीआरपीएफ को तैनात किया गया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

सीमा पर सोमवार को हुआ भारी बवाल 

ताजा जानकारी के मुताबिक इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है और ताजा स्थिति जानने के साथ ही विवाद को तनाव को हर हाल में नियंत्रित करने को कहा। गृह मंत्री ने दोनों सीएम से विवादित सीमा क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने और मैत्रीपूर्ण ढंग से समाधान निकालने को कहा। दोनों मुख्यमंत्रियों ने उन्हें विवाद का आपसी सहमति से हल निकालने का आश्वासन दिया।  

घायलों का हालचाल जानने के लिये जाते सीएम हिमंता 

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने मंगलवार सुबह सिलचर पहुंचे जहां उन्होंने कल राज्य की सीमा पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि बीते दिन जब सीमा पर हिंसक घटना हो रही थी तब दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच ट्विटर वॉर छिड़ी हुई थी। अब मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद दोनों राज्य तनाम को कम करने में जुटे हुए हैं।

Exit mobile version