
बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। जनपद के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में किसान नेता बिन्नु अधाना के कार्यालय पर दो बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की और फरार हो गए। हमलावरों की गोली कार्यालय के मेन गेट और वहां खड़ी वेगन आर कार में लगी, जिससे कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि हमले के वक्त किसान नेता अपने दफ्तर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार मामला सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार गांव सांवली निवासी बिन्नु अधाना भाकियू अजगर के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने अपना कार्यालय सिकंदराबाद बाईपास पर बना रखा है। शनिवार की रात करीब 10 बजे बाइक सवार बदमाशों ने उनके कार्यालय पर फायरिंग कर दी। उस दौरान वे कार्यालय में नहीं थे। गोली लगने से कार के शीशे टूट गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
बिन्नू अधाना ने बताया कि वह कैंची धाम गए हुए हैं और वापस आ रहे हैं। उन्हें भी घटना की जानकारी मिली है।
पुलिस ने बताया कि वह मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
Published : 19 May 2024, 1:05 PM IST
Topics : Bulandshahr Farmer leader firing injured उत्तर प्रदेश ऑफिस किसान नेता क्राइम फायरिंग बुलंदशहर