कांग्रेस नेता की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जानिए पूरा मामला और अपडेट

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कथित विवादित टिप्पणी करने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ शनिवार को राजस्थान के चित्तौड़गड़ में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 30 April 2023, 8:07 AM IST

जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कथित विवादित टिप्पणी करने के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ शनिवार को राजस्थान के चित्तौड़गड़ में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत की शिकायत पर चित्तौड़गढ़ में शेखावत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शेखावत ने बृहस्पतिवार को चित्तौड़गढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन आक्रोश रैली में मुख्‍यमंत्री गहलोत को 'राजस्थान में राजनीति का रावण' बताया था।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत के समर्थक सुरेंद्र जाड़ावत ने शनिवार को चित्तौड़गढ़ के सदर थाने में केंद्रीय मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

जाड़ावत ने पीटीआई भाषा से कहा,“राजस्थान के मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए मैंने आज रात केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। उन्होंने भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की।“

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 143 (गैरकानूनी तरीके से एकत्रित होना), 153-ए (धर्म, जाति आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 500 (मानहानि) और 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत दर्ज की गई है।

प्राथमिकी के मुताबिक, भाजपा ने 27 अप्रैल को एक सार्वजनिक स्थान पर जनसभा की जिसमें शेखावत मुख्य वक्ता थे और उन्होंने लोगों को “भड़काने” वाला भाषण दिया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री ने 'लोकप्रिय' मुख्यमंत्री गहलोत के खिलाफ गलत तथ्य पेश किए और नफरत फैलाई। उसमें गया है कि शेखावत ने मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा धूमिल करने की मंशा से उन्हें 'राजनीति का रावण' कहकर उनका अपमान किया है।

Published : 
  • 30 April 2023, 8:07 AM IST

No related posts found.