
USA: अमेरिका जल्द ही पाकिस्तान की नींद उड़ाने की तैयारी में है। दरअसल ट्रंप सरकार पाकिस्तान समेत 41 देशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है। अगर मसौदे को मंजूरी मिल जाती है तो इन देशों के नागरिक अमेरिका में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस बार यात्रा प्रतिबंध ट्रंप के पहले कार्यकाल की तुलना में ज्यादा व्यापक होगा।
इन देशों के नागरिक पर रोक
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सरकार है और अवैध आव्रजन पर कड़ा प्रहार अब और तीखा होता जा रहा है। खबर है कि अमेरिकी सरकार ने एक मसौदा तैयार किया है जिसमें उसने पाकिस्तान समेत 41 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की पूरी तैयारी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि इस बार यात्रा प्रतिबंध ज्यादा व्यापक होगा। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में सात मुस्लिम बहुल देशों के यात्रियों पर प्रतिबंध लगाया था।
डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भूटान उन 41 देशों में शामिल हैं जिन पर अमेरिका की यात्रा करने की तैयारी की जा रही है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन अवैध आव्रजन पर लगाम लगाने के लिए काम कर रहा है।
अमेरिकी सुरक्षाअधिकारियों ने तैयार किया मसौदा
अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने अपनी सिफारिशों से जुड़ा मसौदा तैयार कर लिया है। इसमें पाकिस्तान को उन 26 देशों में शामिल किया गया है जिन्हें अमेरिकी वीजा जारी करने पर आंशिक निलंबन का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, अगर शाहबाज शरीफ की अगुआई वाली सरकार 60 दिनों के भीतर कमियों को दूर कर ले तो बड़ी कार्रवाई से बचा जा सकता है।
वनुआतु भी सूची में शामिल
जिन देशों पर कार्रवाई की तैयारी है उनमें तुर्कमेनिस्तान, बेलारूस, भूटान और वनुआतु शामिल हैं। इनमें से वनुआतु हाल ही में तब चर्चा में आया जब भगोड़े और आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने दावा किया कि उसने वहां की नागरिकता हासिल कर ली है। इससे पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने यात्रा प्रतिबंध की खबरों को अटकलबाजी करार देते हुए खारिज कर दिया था। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने कहा था कि पाकिस्तान को इस तरह के प्रतिबंधों का कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है। खान ने कहा कि फिलहाल यह सब अटकलबाजी है और इसलिए इस पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है।
अमेरिका और पाकिस्तान के बीच तनाव हाल ही में तब और गहरा गया जब तुर्कमेनिस्तान में पाकिस्तानी राजदूत केके अहसान वागन को इस सप्ताह अमेरिका में प्रवेश से वंचित कर दिया गया और लॉस एंजिल्स से निर्वासित कर दिया गया। हालांकि अमेरिका ने कोई खास कारण नहीं बताया, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा गया कि वागन को इसलिए निर्वासित किया गया क्योंकि अमेरिकी आव्रजन प्रणाली ने विवादास्पद वीजा संदर्भों का पता लगाया था। नए मसौदे के अनुसार, 10 देशों को रेड लिस्ट में रखा गया है, जिनके नागरिकों के वीजा पूरी तरह से निलंबित रहेंगे। ये देश हैं- अफगानिस्तान, क्यूबा, ईरान, लीबिया, उत्तर कोरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन।
इरीट्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार और दक्षिण सूडान को पांच देशों के दूसरे समूह में रखा गया। इन देशों पर भी कुछ शर्तों के साथ प्रतिबंध प्रस्तावित हैं। पांचों देशों में पर्यटक और छात्र वीजा के साथ-साथ अन्य अप्रवासी वीजा भी प्रभावित हो सकते हैं। आपको बता दें कि राष्ट्रपति पद संभालने के पहले ही दिन यानी 20 जनवरी को ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कहा गया था कि सुरक्षा खतरों का पता लगाने के लिए अमेरिका में प्रवेश करने वाले किसी भी विदेशी नागरिक की व्यापक जांच की जरूरत होनी चाहिए।
Published : 15 March 2025, 5:29 PM IST
Topics : 41 countries America Donald Trump administration Pakistan Prime Minister Pakistan travel restrictions us Shahbaz Sharif US President Donald Trump US travel ban USA News