
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सभी 7 सीटों पर छठें चरण के तहत वोटिंग है। इस बीच दिल्ली विश्वविद्यालय में कई जगह चुनाव बहिष्कार के स्लोगन लिखे मिलने से हड़कंप मच गया। जिसे लेकर पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक दिल्ली की सात संसदीय सीटों पर शनिवार 25 मई को वोटिंग है, इसके मद्देनजर गुरुवार को चुनाव प्रचार बंद हो गया है। लेकिन इसी बीच दिल्ली विश्वविद्यालय से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां असामाजिक तत्वों ने कॉलेज की दीवार पर 'चुनाव का बहिष्कार करो' जैसे नारे लिख दिए हैं।
मामले में मौरिस नगर थाने में पुलिस शिकायत की गई है। दिल्ली विश्वविद्यालय के नार्थ कैंपस में असामाजिक तत्वों ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ( एसआरसीसी) की दीवार पर 'चुनाव का बहिष्कार करो', 'नक्सलबाड़ी जिंदाबाद', 'मार्क्सवाद जिंदाबाद' जैसे नारे लिख दिए हैं।
वहीं एबीवीपी ने पुलिस में शिकायत कर इस घटना में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही तत्काल दीवार से इन विवादित नारों को मिटाने की मांग की है। वहीं भगत सिंह छात्र एकता मंच (बीएससीईएम) ने दीवारों पर लिखे 'एक ही रास्ता नक्सलबाड़ी' जैसे नारों की जिम्मेदारी ली है।
संगठन ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर नारों की तस्वीरें भी पोस्ट की थीं। पुलिस ने इस पूरे मामले को लेकर बताया कि सुबह गश्त के दौरान उनको इलाके में नारे लिखे हुए मिले। पुलिस ने मुताबिक दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मौरिस नगर थाने में शिकायत कर इस घटना में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई और तुरंत इसे मिटाने की मांग की है।
Published : 24 May 2024, 7:57 AM IST
Topics : Delhi Election boycott North Campus Slogans University चुनाव बहिष्कार दिल्ली दीवार विश्वविद्यालय स्लोगन