
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक स्थिति में पहुंच रहा है। दिल्ली मेंं बढ़ते प्रदूषण के कारण प्राथमिक स्कूल 10 नवंबर तक बंद रहेंगे।
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली के स्कूल छठी से 12वीं तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर सकते हैं।
आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा रहने के कारण दिल्ली में प्राथमिक स्कूल 10 नवंबर तक बंद रहेंगे। स्कूलों को छठी से 12वीं तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का विकल्प दिया गया है।’’
दिल्ली में रविवार को लगातार छठवें दिन जहरीली और घनी धुंध छायी रही और हवा की प्रतिकूल परिस्थितियों खासतौर से रात के दौरान हवा की मंद गति के कारण प्रदूषण स्तर एक बार फिर ‘अत्यधित गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक शनिवार शाम चार बजे के 415 से बढ़कर रविवार को सुबह सात बजे 460 पर पहुंच गया।
इससे पहले, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि दिल्ली में सभी सरकारी और निजी प्राथमिक विद्यालय बढ़ते प्रदूषण के कारण तीन और चार नवंबर को बंद रहेंगे।
Published : 5 November 2023, 11:03 AM IST
Topics : Air Pollution Delhi NCR छात्र दिल्ली सरकार नई दिल्ली प्राइमरी स्कूल वायु प्रदूषण शिक्षा मंत्री स्कूल बंद