
चेंगडू (चीन), 31 जुलाई (भाषा) संगमप्रीत सिंह बिस्ला और अवनीत कौर 31वें विश्व विश्वविद्यालय खेलों में सोमवार को यहां कंपाउंड तीरंदाजी चैंपियन बने, जिससे भारत ने इस खेल में तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
भारत कुल मिलाकर नौ स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक लेकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर बना हुआ है। चीन 17 स्वर्ण लेकर शीर्ष पर काबिज है। उसके बाद दक्षिण कोरिया और जापान का नंबर आता है। इन दोनों ने समान 10-10 स्वर्ण पदक जीते हैं।
भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी में तीन स्वर्ण पदक जीते। बिस्ला ने पुरुष व्यक्तिगत जबकि अवनीत ने महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में सोने का तमगा हासिल किया। इनके अलावा अमन सैनी और प्रगति ने मिश्रित टीम में स्वर्ण पदक जीता।
भारत में एकमात्र रजत पदक महिला टीम स्पर्धा में हासिल किया। इसके अलावा कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने पुरुषों की टीम स्पर्धा और सैनी में व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक जीता।
रिकर्व तीरंदाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और केवल एक कांस्य पदक जीता। उसने यह पदक महिलाओं की टीम स्पर्धा में हासिल किया।
बिस्ला ने दक्षिण अफ्रीका के क्रिश्चियन बेयर्स डी क्लार्क को 149-147 से हराकर पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्वर्ण जीता। अवनीत ने अमेरिका की एलिसा ग्रेस स्टर्गिल को शूट ऑफ में हराकर महिलाओं की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। मुख्य मुकाबले के बाद इनका स्कोर 144-144 से बराबर था।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
Published : 31 July 2023, 5:58 PM IST
Topics : अवनीत कौर कंपाउंड खेल भारत संगमप्रीत सिंह बिस्ला