Site icon Hindi Dynamite News

Bharat Bandh: भारत बंद से देशभर में यातायात प्रभावित, दिल्ली-पंजाब में कई ट्रेन सेवा ठप

केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के चलते देशभर में तमाम सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। कई जगहों पर ट्रेनें कैंसिल कर दी गई है। इसके अलावा उत्तर भारत की करीब 25 ट्रेनों पर असर हुआ है। पढ़ें पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Bharat Bandh: भारत बंद से देशभर में यातायात प्रभावित, दिल्ली-पंजाब में कई ट्रेन सेवा ठप

नई दिल्लीः केन्द्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ विभिन्न किसान यूनियन के भारत बंद के कारण भारत के कई हिस्सों में, विशेष रूप से हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जनजीवन सोमवार को बाधित हो गया। विभिन्न जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने राजमार्गों और प्रमुख सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। कई स्थानों पर वे रेल की पटरियों पर भी बैठ गए जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ।

किसानों के भारत बंद के चलते रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। फिरोजपुर से लुधियाना, जालंधर, भटिंडा और अमृतसर से पठानकोट-जालंधर जाने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा अमृतसर से फाजिल्का को जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

उत्तर रेलवे ने जानकारी देते हुए कहा है कि दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर मंडलों में रेल परिचालन प्रभावित है क्योंकि किसान रेल की पटरियों पर बैठे हैं। दिल्ली संभाग में 20 से ज्यादा जगहों पर जाम है। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में करीब 25 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली-अमृतसर शान-ए-पंजाब, नई दिल्ली-मोगा एक्सप्रेस, पुरानी दिल्ली-पायहाजोत एक्सप्रेस, नई दिल्ली से कटरा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृतसर शताब्दी कुछ ऐसी ट्रेनें हैं जो किसानों के भारत बंद से प्रभावित हुई हैं।

उत्तर भारत में ट्रेनों के रद्द होने या देरी से चलने और सीमा पार आवाजाही को रोकने से बड़े पैमाने पर यातायात जाम के कारण लोगों को दिक्कत हुई। बंद का अधिकतर असर गुड़गांव, गाजियाबाद और नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में दिखा, जहां से रोजाना हजारों लोग कामकाज के सिलसिले में सीमा पार करते हैं।

Exit mobile version