कुकर्म करने के बाद गला दबा कर 17 वर्षीय किशोर की हत्या, आरोपी पुलिस हिरासत में भेजे गये

सोनीपत में गांधी नगर के 17 वर्षीय एक किशोर के साथ कथित रूप से कुकर्म करने के बाद उसकी हत्या करने के दो आरोपियों को अदालत ने दो दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 8 December 2023, 8:01 PM IST

सोनीपत (हरियाणा): सोनीपत में गांधी नगर के 17 वर्षीय एक किशोर के साथ कथित रूप से कुकर्म करने के बाद उसकी हत्या करने के दो आरोपियों को अदालत ने दो दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस ने दो आरोपियों-- सुरेंद्र उर्फ छमका और जितेंद्र उर्फ लिली को अदालत में पेश किया था एवं अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक जांच अधिकारी एसआई सुलतान सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने किशोर से रुपये छीने थे और कुकर्म करने के बाद गला दबा कर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दोनों शव को खाली प्लाट में छोड़ कर चले गए थे।

गांधी नगर का यह किशोर 29 नवंबर को गुमड रोड स्थित गार्डन में शादी समारोह में गया था, जिसके बाद वह वापस नही लौटा। चार दिसंबर को गांधीनगर की सैनी कॉलोनी में वह एक खाली भूखंड पर निर्वस्त्र मृत पड़ा मिला था।

किशोर के पिता ने सैंयाखेड़ा के जितेंद्र उर्फ लिली एवं उसके साथियों पर उसके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जितेंद्र उर्फ लिली एवं उसके साथी गांधी नगर के सुरेंद्र उर्फ छमका को बुधवार को गिरफ्तार किया था।

 

Published : 
  • 8 December 2023, 8:01 PM IST

No related posts found.