
साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा (Img: X)
New Delhi: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका की टीम एक समय मुश्किल में थी। महज 110 रन के स्कोर पर उसके छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। ऐसा लग रहा था कि टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने से पहले ही बिखर जाएगी, लेकिन कप्तान टेम्बा बावुमा ने हार नहीं मानी। उन्होंने मैदान पर टिककर बल्लेबाजी की और 179 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को 400 रन के पार पहुंचा दिया। इस पारी के बाद बावुमा ने अपने बचपन के हीरो सचिन तेंदुलकर से जुड़ी एक खास बात भी बताई।
साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी का श्रेय उस तकनीक को दिया, जिसे वह सचिन तेंदुलकर से सीखने की कोशिश करते हैं। बावुमा ने बताया कि सचिन उनके बचपन के हीरो रहे हैं और वह आज भी उनकी बल्लेबाजी तकनीक से प्रेरणा लेते हैं।
बावुमा के मुताबिक, उनकी कद-काठी बहुत बड़ी नहीं है, इसलिए वह लंबे कदम नहीं बढ़ा सकते। ऐसे में वह अपनी मूवमेंट को प्रभावी रखने और गेंद को शरीर के जितना करीब हो सके, उतना करीब से खेलने की कोशिश करते हैं। उन्होंने माना कि इस तरीके से कभी-कभी उन्हें परेशानी भी होती है, लेकिन उनके लिए यह तकनीक काम करती है।
बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 334 गेंदों का सामना करते हुए 179 रन बनाए। उनकी पारी में 18 चौके और एक छक्का शामिल रहा। मुश्किल हालात में खेली गई इस पारी ने साउथ अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बावुमा ने अपनी इस पारी को करियर की बेहतर पारियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें जल्दी बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा और संघर्ष करते हुए 50 या 60 रन तक पहुंचना पड़ा। इस बार अच्छी बात यह रही कि वह अपनी पारी को आगे बढ़ाने में सफल रहे और उसे बड़े स्कोर में बदल दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। नौवें ओवर में एडेन मार्करम 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डेविड बेडिंगहाम बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका और टीम ने महज 40 रन तक अपने चार बल्लेबाज गंवा दिए।
ऐसे समय में कप्तान बावुमा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने रेयान रिकेल्टन के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 रन जोड़े। रिकेल्टन 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ समय बाद वियान मुल्डर भी 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस तरह 110 रन पर टीम का छठा विकेट गिर गया।
ये भी पढ़ें- IND vs NZ: तेज पिचें और ठंडा मौसम, न्यूजीलैंड में टीम इंडिया के सामने दोहरी चुनौती; अय्यर ने भरी हुंकार
छह विकेट गिरने के बाद मार्को यानसेन ने बावुमा का अच्छा साथ निभाया। दोनों के बीच 185 गेंदों पर 132 रन की साझेदारी हुई। यानसेन ने तीन छक्कों और नौ चौकों की मदद से 85 रन बनाए। यानसेन के आउट होने के बाद भी बावुमा ने पारी को संभाले रखा। उन्होंने साइमन हार्मर के साथ आठवें विकेट के लिए 183 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने साउथ अफ्रीका को 400 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
शुरुआती झटकों के बाद बावुमा की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी और निचले क्रम के खिलाड़ियों के साथ उनकी साझेदारियों ने मैच में साउथ अफ्रीका की स्थिति को मजबूत किया।
Location : New Delhi
Published : 21 October 2026, 2:39 PM IST