SL vs IND: गौतम गंभीर का प्लान फ्लॉप! 23 साल के सोनल दिनुषा ने कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में ठोका शतक, रचा इतिहास

SL vs IND Colombo Test: श्रीलंका के सोनल दिनुषा ने भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। 2 मैचों की सीरीज में 3 शतक लगाने वाले वह 8वें बल्लेबाज बने। जानिए सोनल के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड की पूरी कहानी

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 August 2026, 3:40 PM IST

Colombo: कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम की जीत की उम्मीदों पर श्रीलंका के युवा ऑलराउंडर सोनल दिनुषा ने पानी फेर दिया है। भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर की तमाम रणनीतियों को नाकाम करते हुए 23 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज सोनल दिनुषा ने मैच की दोनों पारियों में शानदार शतक जड़ दिया। पहली पारी में 103 रनों का योगदान देने के बाद, दूसरी पारी में भी सोनल ने 196 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों की मदद से नाबाद शतक ठोक दिया।

दोनों पारियों में शतक लगाने वाले श्रीलंका के 8वें बल्लेबाज

अपने करियर का महज 5वां टेस्ट खेल रहे सोनल दिनुषा ने इस मैच के जरिए क्रिकेट जगत में अपना लोहा मनवा लिया है। वह टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले श्रीलंका के इतिहास के केवल 8वें खिलाड़ी बन गए हैं।

भारत के खिलाफ कोलंबो के इसी मैदान पर साल 1997 में अरविंदा डी सिल्वा ने (146 और 120) यह कारनामा किया था। अब 29 साल बाद सोनल (103 और 100*) भारत के खिलाफ यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने वाले दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं।

2 मैचों की टेस्ट सीरीज में तीसरा शतक, दिग्गजों की सूची में दर्ज कराया नाम

भारत के खिलाफ दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज में सोनल का बल्ला जमकर बोला है। गाले में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने 100 और 84 रनों की पारियां खेली थीं।

IND vs SL: जुरेल के शतक और पंत के आतिशी पचासे से दूसरे टेस्ट मैच में भारत का विशाल स्कोर, श्रीलंका को लगे झटके

इसके साथ ही वह दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 3 शतक ठोकने वाले दुनिया के चुनिंदा 8वें बल्लेबाज बन गए हैं। श्रीलंका की ओर से अरविंदा डी सिल्वा और कुमार संगकारा के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह तीसरे खिलाड़ी हैं।

Location :  Colombo

Published :  27 August 2026, 3:40 PM IST