अय्यर की कप्तानी पर एक और दाग : 200 पार क्या करते…100 भी नहीं पहुंची टीम; इंग्लैंड ने रौंदा

नॉटिंघम टी20 में टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ 125 रन से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद अय्यर की कप्तानी और भारतीय बल्लेबाजी पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 July 2026, 2:04 AM IST

New Delhi : भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नॉटिंघम का ट्रेंट ब्रिज मैदान एक बुरे सपने जैसा साबित हुआ। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को ऐसी शर्मनाक हार मिली। जिसने भारतीय क्रिकेट फैंस को झकझोर दिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन बनाए, लेकिन जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 76 रनों पर ढेर हो गई। सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और बाकी बल्लेबाज 200 तो दूर, टीम को सम्मानजनक स्कोर तक भी नहीं पहुंचा सके। इस हार के साथ अय्यर की कप्तानी पर एक और बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

फिल सॉल्ट ने बिगाड़ी भारत की लय

इंग्लैंड की शुरुआत बहुत तेज नहीं रही थी। अर्शदीप सिंह ने पहला ओवर मेडन डालकर फिल सॉल्ट पर दबाव बनाया। जॉस बटलर ने दूसरे छोर से रन बनाने शुरू कर दिए। बटलर ने 36 रनों की अहम पारी खेली। युवा प्रिंस यादव ने उन्हें शानदार यॉर्कर पर बोल्ड कर भारत को राहत दिलाई। इसके बाद प्रिंस ने हैरी ब्रुक को भी पवेलियन भेजा। फिल सॉल्ट ने धीरे-धीरे गियर बदला और 44 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी खेल डाली।

सैम करन ने स्कोर 201 तक पहुंचाया

बीच के ओवरों में हर्षित राणा ने बेथेल और टॉम बैंटन को लगातार दो गेंदों पर आउट कर भारत की वापसी की उम्मीद जगाई। आखिरी ओवरों में सैम करन ने भारतीय गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी। करन ने 24 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाकर इंग्लैंड को 201 के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट लिए।

भारतीय बल्लेबाजों का सरेंडर

202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया शुरुआत से ही दबाव में दिखी। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं पाए। जोफ्रा आर्चर की रफ्तार और जोश टोंग की धारदार गेंदबाजी ने भारतीय बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 13-13 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा 10-10 रन ही बना सके। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।

भारत की सबसे बड़ी टी20 हार

जोश टोंग ने 4 विकेट लेकर भारत की कमर तोड़ दी, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 3 और आदिल राशिद ने 2 विकेट झटके। इंग्लैंड ने मुकाबला 125 रनों से जीत लिया। रनों के लिहाज से यह टी20 इंटरनेशनल में भारत की सबसे बड़ी हार बन गई। आयरलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड में मिली इस हार ने टीम इंडिया की बल्लेबाजी, रणनीति और कप्तानी तीनों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  New Delhi

Published :  8 July 2026, 1:33 AM IST