क्लासरूम है या हथियारों का अड्डा? फरीदाबाद के सरकारी स्कूल में छात्र के बैग से निकली एयर गन और चाकू, देख पुलिसवालों के भी उड़े होश

फरीदाबाद के सेक्टर-3 स्कूल में छात्र के बैग से एयर गन, चाकू और 2 मोबाइल मिलने से हड़कंप। पुलिस ने बताया जन्मदिन का चाकू, तो शिक्षकों ने उठाए सवाल। 600 छात्रों वाले इस स्कूल में न सुरक्षा गार्ड है और न ही एक भी रेगुलर टीचर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 August 2026, 10:02 AM IST

Faridabad: फरीदाबाद के सेक्टर-3 स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एहतियातन की गई चेकिंग के दौरान 11वीं कक्षा के एक छात्र के बस्ते से एयर गन, धारदार चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

हाल ही में सिकरोना में एक शिक्षक की हत्या के बाद स्कूल प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए यह तलाशी ली थी। हालांकि, घटना के बाद सामने आई दो अलग-अलग कहानियों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस की भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

जन्मदिन का 'केक' या खूनी रंजिश? दावों में उलझा मामला

घटना की शुरुआत में आशंका जताई गई कि छात्रों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है और बदला लेने की नीयत से ये चीजें लाई गई थीं। लेकिन पुलिस की एंट्री होते ही कहानी पूरी तरह बदल गई।

‘मेरी नहीं तो किसी की नहीं’: फरीदाबाद में 34 सेकंड में 30 बार चाकू से वार करने वाले मास्टरमाइंड का खुलासा

स्कूल की हेड सीमा गौतम के मुताबिक, पुलिस ने जांच में पाया कि एयर गन एक टूटी हुई खिलौना गन थी और चाकू रसोई का था, जिसे एक छात्र जन्मदिन का केक काटने के लिए लाया था। पकड़े जाने के डर से छात्र ने चाकू दूसरे के बैग में छिपा दिया था।

शिक्षकों ने खोली दावों की पोल, ढिलाई से जताई नाराजगी

पुलिस और प्रिंसिपल की इस 'बर्थडे पार्टी' वाली थ्योरी को स्कूल के ही शिक्षकों ने खारिज कर दिया है। नाम न छापने की शर्त पर एक शिक्षक ने सीधा सवाल उठाया कि जब बेकरी से केक के साथ प्लास्टिक का चाकू मिलता है, तो कोई छात्र घर से रसोई का बड़ा चाकू और गन क्यों लाएगा? सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पुलिस ने छात्र के परिजनों को बुलाकर छोड़ दिया और अगले ही दिन छात्र फिर स्कूल आ गया। किसी कड़े एक्शन के न होने से शिक्षकों में भारी नाराजगी है।

Haryana Crime: मेरठ निवासी मुकेश कुमार ने फरीदाबाद में बेटी की हिफाजत की चुकाई भारी कीमत

600 छात्र और एक भी पक्का टीचर नहीं: व्यवस्था की पोल खुली

यह घटना सिर्फ बैग से सामान मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्कूल की बदहाल व्यवस्था की भी पोल खोलती है। पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक मूलचंद शर्मा के क्षेत्र में स्थित इस स्कूल में 6वीं से 12वीं तक करीब 600 छात्र पढ़ते हैं, लेकिन पूरे स्कूल में एक भी रेगुलर शिक्षक नहीं है। कैंपस में न तो कोई सिक्योरिटी गार्ड है और न ही अनुशासन बनाए रखने के लिए स्थायी स्टाफ। घटना के बाद बड़े शिक्षा अधिकारियों का मौके पर न पहुंचना सिस्टम की घोर लापरवाही को उजागर करता है।

Location :  Faridabad

Published :  10 August 2026, 10:02 AM IST