अब चेतावनी नहीं, सीधे एक्शन का ऐलान! सिख जत्थेबंदियों ने चंडीगढ़ से दी बड़ी चुनौती, जानें किस दिन करेंगे अंबाला कूच?

अंबाला में 13 अगस्त को हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में सिख जत्थेबंदियों ने 25 अगस्त को गुरुद्वारा मंजी साहिब में विशाल एकत्रीकरण का ऐलान किया है। जत्थेबंदियों ने हरसिमरन मंड की गिरफ्तारी, मुकदमे वापस लेने और गिरफ्तार युवाओं की रिहाई की मांग की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 August 2026, 8:39 PM IST

Chandigarh: अंबाला में 13 अगस्त को हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में विभिन्न सिख जत्थेबंदियों ने 25 अगस्त को बड़े एकत्रीकरण का ऐलान किया है। यह एकत्रीकरण अंबाला के गुरुद्वारा मंजी साहिब में प्रस्तावित है। जत्थेबंदियों ने प्रशासन से अपनी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। इसे लेकर चंडीगढ़ के किसान भवन में संयुक्त प्रेसवार्ता की गई।

13 अगस्त की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन

जत्थेबंदियों के नेताओं ने आरोप लगाया कि 7 अगस्त को गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में हरसिमरन मंड ने कथित तौर पर सिख युवाओं पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और संगत के साथ दुर्व्यवहार किया। नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सिख युवाओं पर ही मुकदमे दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।

इसके विरोध में 13 अगस्त को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGMC) और अन्य संगत की ओर से प्रदर्शन किया गया। जत्थेबंदियों का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसमें कई लोग घायल हुए और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

Chandigarh: शंभू बॉर्डर के बाद हरियाणा के जींद के पास किसानों पर आंसू गैस, पानी की बौछार छोड़ी गई

जत्थेबंदियों की प्रमुख मांगें

जत्थेबंदियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें प्रमुख रूप से:

  1. हरसिमरन मंड के खिलाफ दर्ज एफआईआर के तहत उसकी गिरफ्तारी।
  2. 13 अगस्त की घटना को लेकर सिख जत्थेबंदियों और संगत पर दर्ज मुकदमों को बिना शर्त वापस लेना।
  3. गिरफ्तार किए गए सिख युवाओं की बिना शर्त रिहाई।

25 अगस्त को अंबाला में होगा बड़ा एकत्रीकरण

जत्थेबंदियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो 25 अगस्त को अंबाला के गुरुद्वारा मंजी साहिब में विशाल एकत्रीकरण किया जाएगा। इस दौरान आगे के संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी।

Chandigarh: सेना के जवान के साथ अमानुषीय कार्य पर उच्च न्यायालय ने पुलिस को दिया नोटिस

आयोजकों ने बताया कि एकत्रीकरण को सफल बनाने के लिए निहंग सिंह जत्थेबंदियों, किसान यूनियनों और विभिन्न सिख संप्रदायों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से अंबाला पहुंचने की अपील की जाएगी।

फिलहाल, 25 अगस्त को प्रस्तावित एकत्रीकरण को लेकर प्रशासन और सिख जत्थेबंदियों के बीच स्थिति पर नजर बनी हुई है।

Location :  Chandigarh

Published :  16 August 2026, 8:39 PM IST