
चर्चित समाजसेवी नागरमल बाजोरिया का निधन (Img: Dynamite News)
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर के चर्चित समाजसेवी और ‘धरती पकड़’ के नाम से मशहूर नागरमल बाजोरिया का 96 वर्ष की उम्र में पटना में निधन हो गया। उनकी पहचान सिर्फ एक कारोबारी या समाजसेवी के तौर पर नहीं थी, बल्कि देश के सबसे ज्यादा चुनाव लड़ने वाले चर्चित उम्मीदवारों में होती थी। नगर निकाय के चुनाव से लेकर राष्ट्रपति पद तक उन्होंने 280 से ज्यादा चुनावों में किस्मत आजमाई।
नागरमल बाजोरिया का चुनावी सफर बेहद अलग रहा। उन्होंने रायबरेली से तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। इसके अलावा अमेठी में राजीव गांधी को चुनौती दी। संजय गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे बड़े नेताओं के खिलाफ भी वे चुनाव मैदान में उतरे।
1969 में उन्होंने राष्ट्रपति पद के चुनाव में वी.वी. गिरि के खिलाफ नामांकन दाखिल किया था। कई दशक बाद 2012 में प्रणब मुखर्जी के खिलाफ भी राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की कोशिश की, हालांकि उनका नामांकन खारिज हो गया।
ये भी पढ़ें- आकाश आनंद को अपने पाले में लाने की तैयारी? संजय निषाद ने दिया खुला ऑफर, यूपी में बढ़ी सियासी हलचल
280 से ज्यादा चुनाव लड़ने के बावजूद नागरमल बाजोरिया कभी कोई बड़ा चुनाव नहीं जीत सके। हालांकि, उनके परिवार के मुताबिक चुनाव उनके लिए सिर्फ जीत-हार का खेल नहीं था। उनके पोते सौरव बाजोरिया ने बताया कि वे चुनाव के जरिए आम लोगों को यह संदेश देना चाहते थे कि लोकतंत्र में एक सामान्य व्यक्ति भी बड़े से बड़े नेता के सामने खड़ा हो सकता है।
करीब 30 साल की उम्र में उन्होंने भागलपुर नगरपालिका का चुनाव जीता भी था। इसके बाद चुनाव लड़ना उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया। वे मजाकिया अंदाज में कहा करते थे, “मैं चुनाव नहीं हारता, बल्कि जनता हमेशा हारती है।”
नागरमल बाजोरिया अपने अलग अंदाज के प्रचार के लिए भी खूब चर्चा में रहे। 2005 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ संदेश देने के लिए गधों के साथ अनोखी रैली निकाली थी। गधों के गले में राजनीतिक तंज वाले संदेशों की तख्तियां लटकी थीं।
वे चुनाव प्रचार के दौरान हाथ में घड़ी-घंट लेकर चलते थे और लोगों को लोकतंत्र व नागरिक जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करने की कोशिश करते थे। उनकी कलाई पर अक्सर महात्मा गांधी के दौर की घड़ी भी दिखाई देती थी।
ये भी पढ़ें- ‘यदि मैं न मारता तो भीड़ मुझे मार डालती’; स्वतंत्र भारद्वाज के बयान पर क्यों मचा बवाल? CJP फिर प्रदर्शन की राह पर
नागरमल बाजोरिया सिर्फ चुनावों के कारण ही चर्चा में नहीं रहे। जरूरतमंद परिवारों की मदद करना और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए काम करना भी उनकी पहचान का हिस्सा था। उन्होंने कई जगह अपने खर्च से हैंडपंप लगवाए। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में भी आर्थिक मदद की।
1930 में लाहौर में जन्मे बाजोरिया का परिवार आजादी और देश के बंटवारे से पहले भागलपुर आकर बस गया था। इसके बाद भागलपुर ही उनकी कर्मभूमि बन गया। उन्होंने अपना अंतिम चुनाव 2019 में लड़ा था।
Location : Bhagalpur
Published : 4 September 2026, 2:54 PM IST