
दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा (सोर्स- इंटरनेट)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। ऐतिहासिक इमारतों, पर्यटक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दिल्ली पुलिस ने शहरभर में सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त तेज कर दी है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, पुलिस ने दिल्ली के प्रमुख पर्यटक स्थलों—लाल किला, कुतुब मीनार, इंडिया गेट और जामा मस्जिद सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही, शहर की सीमाओं पर अतिरिक्त चेकिंग प्वाइंट्स बनाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि संभावित खतरे को देखते हुए कुछ स्थानों पर यातायात की आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया है।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाए जाने को अमेरिका की उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भारत यात्रा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वर्तमान में वह भारत दौरे पर हैं, जिससे दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया गया है।
यह सुरक्षा अलर्ट जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले के बाद जारी किया गया है। हमले में 26 लोगों की जान गई, जिनमें दो विदेशी पर्यटक और दो स्थानीय नागरिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहलगाम के पास एक प्रसिद्ध घास के मैदान पर अंधाधुंध गोलीबारी की। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक माना जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह हाल के वर्षों में नागरिकों पर हुआ सबसे भीषण हमला है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
दिल्ली में हाई अलर्ट जारी, सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात पर भी लगा नियंत्रण
सरकार और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही हैं कि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जा सकती है।
Location : New Delhi
Published : 9 May 2025, 10:53 AM IST
Topics : Delhi Police Delhi's tourist places Historical buildings india gate Jama Masjid Qutub Minar Red Fort