Site icon Hindi Dynamite News

Weather Update: दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में मौसम का बदला मिजाज, जानिए अपने शहर का हाल

दिल्ली-एनसीआर में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश की संभवना जताई है। अपने शहर का हाल जानने के लिए पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
Weather Update: दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में मौसम का बदला मिजाज, जानिए अपने शहर का हाल

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब बारिश का इंतजार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 14 जून से हल्की बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में अगर यह पूर्वानुमान सही साबित हुआ, तो राजधानीवासियों को राहत मिल सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, कुछ जिलों में मॉनसून की दस्तक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, पश्चिमी यूपी के ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा में अभी भी हीटवेव का अलर्ट है।

दूसरी तरफ, पूर्वी यूपी के महराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बांदा, संभल, इटावा, हाथरस और अलीगढ़ में आज तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो, आने वाले 3 से 4 दिनों तक उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत मिल सकती है , जबकि 19 जून के बाद मॉनसून के दस्तक देने की उम्मीद जताई जा रही है।

बिहार में मॉनसून की एंट्री कब?

वहीं बिहार में मॉनसून की देरी से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। पहले अनुमान था कि मॉनसून 13-15 जून के बीच आएगा, लेकिन अब IMD का कहना है कि 16 जून को मॉनसून की एंट्री हो सकती है। बिहारवासी अभी भी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं।

झारखंड में जल्द होगा मॉनसून का आगमन

झारखंड में भी गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। रांची में तापमान 34 डिग्री, जमशेदपुर में 35.8, डाल्टनगंज में 40.1, बोकारो में 36.5 और चाईबासा में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के अनुसार, 15 से 18 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कमी आएगी। 14 जून को कई इलाकों में तेज हवाएं, गर्जन और बिजली गिरने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश में होगी बारिश

आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तेलंगाना और रायलसीमा पर बना वायुमंडलीय चक्रवात उत्तर आंतरिक कर्नाटक की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में अगले पांच दिनों तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

राजस्थान का क्या है हाल?

राजस्थान में शुक्रवार को गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। श्रीगंगानगर में तापमान 56.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जो 1930 के बाद का सबसे गर्म दिन था। शनिवार से उदयपुर, कोटा, जयपुर और भरतपुर में मॉनसून-पूर्व बारिश और तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट की उम्मीद है। जोधपुर और बीकानेर में लू का असर रहेगा, लेकिन दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।

देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है और लोगों को गर्मी से राहत के साथ-साथ मॉनसून का बेसब्री से इंतज़ार है।

Exit mobile version