
यूपी टीईटी 2026 (Img X)
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपी-टीईटी 2026 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक, परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। वहीं, यूपी टीईटी की परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से परीक्षा का विवरण साझा किया गया है। इसके तहत प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच और उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ के शिक्षकों की पात्रता के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित विज्ञापन संख्या 10/2026 आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 24 नवंबर को जारी किया जाएगा।
UPTET 2026 के लिए आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थी 24 नवंबर से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 23 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को इसी तारीख तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा।
आयोग ने आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की त्रुटि होने पर सुधार का अवसर भी दिया है। अभ्यर्थी 27 दिसंबर 2026 तक अपने आवेदन फॉर्म में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को कराई जाएगी। यह परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित होगी। पहला पेपर प्राथमिक स्तर के शिक्षकों यानी कक्षा एक से पांच तक के लिए होगा, जबकि दूसरा पेपर उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ तक के शिक्षकों की पात्रता के लिए आयोजित किया जाएगा।
इस परीक्षा के आयोजन से उन प्रतियोगी अभ्यर्थियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जो टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन कर रहे हैं और अभी तक टीईटी पास नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक, टीजीटी अभ्यर्थियों को टीईटी उत्तीर्ण करने के लिए 30 जून 2027 तक का समय दिया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने यूपी टीईटी परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सभी उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ओटीआर पूरा होने के बाद ही अभ्यर्थी यूपी टीईटी 2026 के लिए आवेदन कर सकेंगे।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने आवेदन और परीक्षा से जुड़ी तारीखों की जानकारी दी है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विज्ञापन जारी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
Location : New Delhi
Published : 19 November 2026, 10:21 AM IST