नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग ने देश के प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा-2024 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिये हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इस बार 1009 प्रत्याशियों ने सिविल सेवा परीक्षा पास की। इनमें 335 सामान्य वर्ग के कैंडिडेट शामिल है। जबकि 109 कैंडिडेट ईडब्ल्यूएस, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी वर्ग से हैं।
प्रयागराज के रहने वाली शक्ति दुबे इस बार यूपीएससी टॉपर बने हैं।
दूसरे नंबर पर हर्षिता गोयल रहीं।
करीब 13 लाख उम्मीदवारों ने यूपीएससी परीक्षा 2024 के लिए आवेदन किया था। इनमें से 1009 को फाइनल लिस्ट में जगह दी गई है, इससे परीक्षा का कॉम्पिटीटिव स्तर समझा जा सकता है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट आ जाने के बाद अब सफल उम्मीदवारों को उनकी पसंद, रैंक और उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग सेवाएं और कैडर दिए जाएंगे। यह भारत सरकार की नीतियों के अनुसार होंगे। रिज़ल्ट घोषित होने के तुरंत बाद उम्मीदवारों को उनकी भूमिकाएं सौंप दी जाएंगी।
लड़कियों ने मारी बाजी
यूपीएससी सिविस सेवा परीक्षा 2024 में टॉप पांच उम्मीदवारों में तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं। शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षा, 2024 में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक (बी.एससी.) किया है।
कौन हैं शक्ति दुबे?
यूपीएससी सीएसई 2024 टॉपर शक्ति दुबे ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से बायोकेमिस्ट्री में पीजी किया है। उन्होंने 2018 से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की थी।
यूपीएससी रिजल्ट 2024 की फाइनल मार्कशीट 15 दिनों बाद upsc.gov.in पर अपलोड की जाएगी। उसके बाद ही चयनित कैंडिडेट्स उसे डाउनलोड कर पाएंगे। यूपीएससी मार्कशीट डाउनलोड करने के लिए रोल नंबर और अन्य लॉगिन डिटेल्स की जरूरत पड़ेगी।

