
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (Img- Internet)
Chennai: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत सभी 234 सीटों पर मतदान जारी है। यह चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, जहां करोड़ों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
राज्य में कुल 5.73 करोड़ से ज्यादा मतदाता 4023 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। इनमें 2.93 करोड़ महिला मतदाता, 2.83 करोड़ पुरुष मतदाता और 7,728 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। इस बार बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी भी देखने को मिल रही है, जिससे चुनावी नतीजों पर असर पड़ सकता है।
इस चुनाव में 14.59 लाख से अधिक मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं। ये युवा वोटर चुनावी समीकरण बदलने की क्षमता रखते हैं। राजनीतिक दलों ने भी इन मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाए हैं।
चुनाव में मुख्य मुकाबला DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन और AIADMK के नेतृत्व वाले NDA के बीच है। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में हैं, जबकि एडप्पादी के. पलानीस्वामी पांच साल बाद सत्ता में वापसी के लिए जोर लगा रहे हैं।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 33,133 स्थानों पर 75,064 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने 1,06,418 बैलेट यूनिट, 75,064 कंट्रोल यूनिट और VVPAT मशीनें तैनात की हैं। किसी भी तकनीकी समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त मशीनें भी रिजर्व रखी गई हैं।
चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के प्रलोभन को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अब तक 1,262 करोड़ रुपए के सामान जब्त किए जा चुके हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में नकदी शामिल है। इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सख्ती बरती गई है।
चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फैल रही गलत जानकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। अब तक 163 FIR दर्ज की गई हैं और 2,180 से अधिक URL हटाए या ब्लॉक किए गए हैं। साथ ही 243 मामलों में गलत सूचनाओं का खंडन जारी किया गया है।
विधानसभा चुनाव 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में थोड़ी देर में होगी वोटिंग शुरू
इस बार चुनाव को अधिक समावेशी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 249 मॉडल पोलिंग स्टेशन, 325 पिंक बूथ, 71 दिव्यांग संचालित बूथ और 29 युवा संचालित बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर ग्रीन पोलिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं।
चुनाव में 85 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 3.98 लाख मतदाता शामिल हैं, जिनमें से कई ने घर से मतदान सुविधा का लाभ उठाया है। वहीं 68,501 सर्विस वोटर भी इस चुनाव का हिस्सा हैं, जिनमें 909 नए मतदाता जुड़े हैं।
Location : Chennai
Published : 23 April 2026, 8:41 AM IST