उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में शीतलहर से तापमान लुढ़क गया है। IMD ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि यूपी और राजस्थान के कई जिलों में ठंड और पाले की चेतावनी दी गई है।

शीतलहर और पाले की चेतावनी (Img Source: Google)
New Delhi: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक मंगलवार 13 जनवरी से लेकर सप्ताह के अंत तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली और पछुआ हवाओं के चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे ठिठुरन और गलन और ज्यादा बढ़ गई है।
राजधानी दिल्ली में ठंड ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते दो दिनों से न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार यह बीते 13 वर्षों में जनवरी का सबसे कम तापमान है। पालम इलाके में पारा माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सुबह और रात के समय जबरदस्त ठंड महसूस की जा रही है।
IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में तापमान और गिर सकता है, साथ ही सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा भी छा सकता है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद मौसम का स्वरूप बदल गया है। अब प्रदेश में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड, जबकि दोपहर में हल्की धूप देखने को मिल रही है। सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण गलन बनी हुई है।
Weather Update: नए साल के पहले हफ्ते में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और पहाड़ों पर बर्फबारी का कहर
लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कोहरा छाने की संभावना है। सोमवार को राजधानी लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। IMD के अनुसार आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रुहेलखंड के जिलों में अगले 48 घंटों तक शीतलहर के साथ पाला पड़ने की भी संभावना है। किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में भी शीतलहर का असर साफ नजर आ रहा है। प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान शून्य से 2 डिग्री नीचे और बाड़मेर में शून्य से 1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। पिलानी, सीकर, लूणकरनसर, झुंझुनूं और चूरू जैसे इलाकों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
UP Weather Update: यूपी में ठंड का डबल अटैक, IMD अलर्ट ने जारी किया अलर्ट; जानें पूरा वेदर अपडेट
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों में जारी बर्फबारी के कारण अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। लोगों को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में वाहन चलाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।