
नॉर्थ-ईस्ट में मानसूनी बारिश का कहर (सोर्स-इंटरनेट)
असम: पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 25 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय और मणिपुर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इन राज्यों में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी जारी की है।
असम में लैंडस्लाइड से मचा हाहाकार
असम की राजधानी गुवाहाटी में गुरुवार को भूस्खलन की बड़ी घटना सामने आई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों की मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिसके कारण एक बड़ा भूभाग खिसक कर घरों पर गिर गया। इसके अलावा गोलाघाट जिले में दो और लखीमपुर जिले में एक व्यक्ति की बाढ़ में डूबने से मौत हो गई। राज्य सरकार ने प्रभावित इलाकों में राहत शिविर लगाए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
बाढ़ में बह गई गाड़ी
अरुणाचल प्रदेश में स्थिति और भी भयावह है। यहां बाढ़ के पानी में एक वाहन बह गया, जिससे उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। एक अन्य घटना में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। इस तरह राज्य में मरने वालों की कुल संख्या नौ हो गई है। प्रशासन ने नदी किनारे के इलाकों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
24 घंटे में 8 मौतें
त्रिपुरा और मेघालय में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण पिछले 24 घंटे में कुल आठ लोगों की जान चली गई है। त्रिपुरा के कई गांव बाढ़ में डूबे हुए हैं और ग्रामीणों को नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। मेघालय के शिलांग और आसपास के इलाकों में भी जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है
जनजीवन अस्त-व्यस्त
मणिपुर की राजधानी इंफाल में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने शहर को बुरी तरह प्रभावित किया है। जलभराव के कारण सड़कें बंद हो गई हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित है। प्रशासन ने इंफाल नदी के किनारे के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने असम के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है।
राहत कार्य जारी
सभी प्रभावित राज्यों में NDRF की टीमें तैनात की गई हैं। सेना और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बचाव कार्य तेज किया जा रहा है। कई जगहों पर हेलीकॉप्टर की मदद से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Location : New Delhi
Published : 1 June 2025, 3:41 PM IST
Topics : Assam Rain Heavy Rain in Monsoon Monsoon in India Monsoon Red Alert North East Monsoon rain