LPG distributors protest: कमीशन बढ़ाने और PNG नीति के विरोध में मैदान में उतरे LPG वितरक, रखीं 3 प्रमुख मांगें

26 अक्टूबर को एलपीजी वितरकों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन किया। धरने में शामिल वितरक हाथों में मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर बैठे नजर आए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 October 2026, 5:56 PM IST

New Delhi: 26 अक्टूबर को एलपीजी वितरकों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन किया। धरने में शामिल वितरक हाथों में मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर बैठे नजर आए। इस दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत कर कमीशन में संशोधन, होम डिलीवरी शुल्क और पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने वाली नीतियों पर अपनी आपत्तियां रखीं।

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (LDAI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा ने कहा कि वितरकों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि वर्ष 2018 के बाद 2022 में कमीशन में अंतरिम राहत के तौर पर मामूली बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन उसके बाद भी कमीशन, प्रशासनिक शुल्क और होम डिलीवरी प्रभार का उचित पुनरीक्षण नहीं हुआ।

कमीशन और ई-केवाईसी के भुगतान की मांग

धरने के दौरान वितरकों ने बढ़ती परिचालन लागत का मुद्दा उठाया। एसोसिएशन ने होम डिलीवरी और प्रशासनिक शुल्क में 75 रुपये की बढ़ोतरी तथा प्रत्येक ई-केवाईसी के लिए 236 रुपये के भुगतान की मांग की है। संगठन का कहना है कि खर्च बढ़ने के बावजूद वितरकों को पर्याप्त आर्थिक राहत नहीं मिल रही है।

ये भी पढ़ें: LPG Distributors Strike: LPG वितरकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, कमीशन बढ़ाने समेत कई मांगें उठाईं

पीएनजी नीति पर सवाल

प्रदर्शनकारियों ने पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने और पीएनजी पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में एलपीजी कनेक्शन से संबंधित प्रतिबंधों पर भी आपत्ति जताई। एसोसिएशन का कहना है कि इन नीतियों से एलपीजी वितरण कारोबार प्रभावित हो सकता है और वितरकों की आजीविका पर असर पड़ सकता है। संगठन ने मांग की कि उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत और आर्थिक स्थिति के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प मिलना चाहिए। साथ ही, नए एलपीजी कनेक्शन से संबंधित प्रतिबंधों की समीक्षा की जाए।

प्रदर्शन में शामिल वितरक अपनी मांगों के समर्थन में पोस्टर लेकर बैठे (Img: Dynamite News)

तेल कंपनियों पर भी लगाए आरोप

एसोसिएशन ने सरकारी तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों पर वितरकों से गैर-ईंधन उत्पादों की बिक्री कराने और 19 किलोग्राम के गैर-घरेलू सिलेंडरों के इंडेंट में बदलाव कर फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) की आपूर्ति से जुड़े दबाव बनाने के आरोप लगाए। संगठन ने इन मामलों में पारदर्शी व्यवस्था और वितरकों की सहमति सुनिश्चित करने की मांग की है। इन आरोपों पर संबंधित कंपनियों का पक्ष उपलब्ध नहीं है।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

LDAI ने मांगों का समाधान नहीं होने पर देशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का विकल्प अपनाने की चेतावनी दी है। हालांकि, सभी वितरक संगठन इस आंदोलन के समर्थन में नहीं हैं। फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया (FLDI) और ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (AILDF) ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया है और नियमित गैस आपूर्ति जारी रखने की बात कही है।

दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड में मांगों को लेकर धरने पर बैठे एलपीजी वितरक (Img: Dynamite News)

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दिए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद धरना स्थल पर वितरक एकत्र हुए। अब देखना होगा कि केंद्र सरकार और तेल विपणन कंपनियां वितरकों की मांगों पर क्या कदम उठाती हैं। फिलहाल, इस आंदोलन का अगला चरण सरकार की प्रतिक्रिया और एसोसिएशन के आगामी फैसले पर निर्भर करेगा।

Location :  New Delhi

Published :  26 October 2026, 5:56 PM IST