कैथल में दर्दनाक सड़क हादसा, नहर की पुलिया से टकराई कार; 3 युवकों की मौत, 4 गंभीर घायल

हरियाणा के कैथल में गांव सिसमौर के पास नहर की पुलिया से टकराकर अल्ट्रोज कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गांव करोड़ा के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 November 2026, 11:18 AM IST

कैथल: हरियाणा के कैथल में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गांव सिसमौर के पास हुआ, जहां चालक का संतुलन बिगड़ने से अल्ट्रोज कार नहर की पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सातों युवक हादसे का शिकार हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिवार के सदस्य से मिलने कैथल आ रहे थे सातों युवक

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी सात युवक गांव करोड़ा के रहने वाले थे। वे अपने गांव से कैथल में परिवार के किसी सदस्य से मिलने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान गांव सिसमौर के पास नहर की पुलिया पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे पुलिया से जा टकराई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अजय, नवदीप और प्रदीप की मौत, चार अस्पताल में भर्ती

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 22 वर्षीय अजय कुमार, 20 वर्षीय नवदीप और 32 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। वहीं, साहिल, नरेंद्र, गौरव और अर्जुन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। एक साथ तीन युवकों की मौत से गांव करोड़ा में शोक की लहर फैल गई है।

अजय चलाता था सैलून, प्रदीप के पीछे छूट गया परिवार

इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरा सदमा दिया है। मृतक अजय कुमार गांव में सैलून चलाता था। वहीं, अजय और प्रदीप अपने परिवारों में इकलौते थे। 32 वर्षीय प्रदीप विवाहित था और अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है।

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव में चूल्हे तक नहीं जले। मृतकों के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों और परिचितों का उनके घरों पर पहुंचना जारी है। एक ही गांव के तीन युवकों की असमय मौत से पूरे इलाके में गम का माहौल है।

Location :  Haryana

Published :  14 November 2026, 11:18 AM IST