यूपी और बेंगलुरु में IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के ठिकानों पर ED की छापेमारी; जानिए क्या है पूरा मामला

यूपी मूल के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के ठिकानों पर ईडी की टीम द्वारा उत्तर प्रदेश और बेंगलुरु में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 August 2026, 8:15 PM IST

नई दिल्ली: पिछले 20 अगस्त से कथित तौर से लापता चल रहे 2016 बैच के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को लेकर एक बड़ी खबर है। KPSC से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रविवार को ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार से जुड़े बेंगलुरु और उत्तर प्रदेश के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

PMLA के तहत ED ने की तलाशी

अधिकारियों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने Prevention of Money Laundering Act (PMLA) के तहत आईएएस अधिकारी के परिसरों की तलाशी ली।

ED की टीम ने बेंगलुरु और उत्तर प्रदेश के बरेली में स्थित ठिकानों पर जांच की। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

KPSC में परीक्षा नियंत्रक रह चुके हैं गंगवार

ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह कर्नाटक सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में MSME निदेशक के पद पर तैनात हैं।

इससे पहले वह कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसी दौरान आयोजित एक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जांच चल रही है। इसी मामले में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से कार्रवाई की है।

गंगवार के लापता होने की खबर पर हुआ था विवाद

इससे पहले शनिवार को IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के कुछ घंटों तक संपर्क में नहीं रहने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई थी।

हालांकि, कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने इन खबरों का खंडन किया। उन्होंने बताया कि गंगवार अपने पिता की खराब तबीयत से जुड़ी पारिवारिक आपात स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक स्थान गए थे।

जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी

ED की छापेमारी के बाद अब मामले में आगे की जांच जारी है। एजेंसी परीक्षा में कथित अनियमितताओं, आर्थिक लेनदेन और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  23 August 2026, 8:07 PM IST