Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लू से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, दिल्ली सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिस्ट स्प्रे और एंटी-स्मॉग गन जैसी तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 May 2026, 7:36 AM IST

New Delhi:  दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इस बार गर्मी ने शुरुआत से ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि मंगलवार से गुरुवार तक येलो अलर्ट रहेगा।

धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से मिली थोड़ी राहत

शनिवार सुबह मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। सुबह सात बजे के बाद दिल्ली के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी चली। इसके साथ ही हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बाद में तेज धूप निकलने से फिर गर्मी बढ़ गई।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 22 से 49 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।

पूरे सप्ताह गर्मी से राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में भी लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रविवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सिर ढंककर बाहर निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लू से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है।

प्रदूषण के खिलाफ सालभर चलेगा अभियान

दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने कहा है कि राजधानी में प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई केवल सर्दियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे साल अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अत्याधुनिक एयर प्यूरीफिकेशन तकनीकों और प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का निरीक्षण भी किया।

मौसम का डबल अटैक: 17 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में भीषण लू का कहर

दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने के लिए मिस्ट स्प्रे वाले खंभे और एंटी-स्मॉग गन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है। पर्यावरण मंत्री Manjinder Singh Sirsa ने कहा कि सरकार स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए नई तकनीकों और वैज्ञानिक उपायों पर लगातार काम कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  24 May 2026, 7:35 AM IST