“अब तुगलकाबाद से एयरपोर्ट जाना होगा आसान!” दिल्ली वालों के लिए मेट्रो पर आई बड़ी खुशखबरी

दिल्ली वालों के लिए मेट्रो से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। तुगलकाबाद से एयरोसिटी तक बनने वाली गोल्डन लाइन दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों की तस्वीर बदल सकती है। संगम विहार, साकेत, छतरपुर और वसंत कुंज समेत कई क्षेत्रों को इसका फायदा मिलेगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 September 2026, 10:49 AM IST

New Delhi: दिल्ली में रोजाना सड़क के लंबे जाम से परेशान लोगों के लिए मेट्रो से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली मेट्रो के फेज-4 का एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर, जिसे गोल्डन लाइन के नाम से जाना जाता है, यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी का नया रास्ता खोलने जा रहा है। करीब 23.62 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 15 स्टेशन बनाए जा रहे हैं।

तुगलकाबाद से एयरोसिटी तक सीधी कनेक्टिविटी

गोल्डन लाइन के शुरू होने के बाद दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों को एयरोसिटी और एयरपोर्ट क्षेत्र से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस कॉरिडोर में एयरोसिटी, महिपालपुर, वसंत कुंज, किशनगढ़, छतरपुर, छतरपुर मंदिर, आईजीएनओयू, नेब सराय, साकेत जी ब्लॉक, अंबेडकर नगर, खानपुर, संगम विहार-तिगड़ी, आनंदमयी मार्ग जंक्शन, तुगलकाबाद रेलवे कॉलोनी और तुगलकाबाद जैसे स्टेशन शामिल हैं।

यानी संगम विहार, खानपुर, साकेत, छतरपुर, वसंत कुंज और तुगलकाबाद के आसपास रहने वाले यात्रियों को आने वाले समय में मेट्रो नेटवर्क का एक नया विकल्प मिलेगा।

ये भी पढ़ें- Agra Murder Case: घर में घुसकर चली थीं गोलियां, 7 साल बाद पिता-पुत्र और दो बेटियों समेत 5 दोषियों को उम्रकैद

एयरपोर्ट जाने वालों को भी मिलेगा फायदा

इस लाइन की खासियत सिर्फ दक्षिण दिल्ली तक सीमित नहीं है। एयरोसिटी स्टेशन के जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा सरकार ने एयरोसिटी से आईजीडी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक 2.263 किलोमीटर के विस्तार को भी मंजूरी दी है। इससे भविष्य में एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल तक पहुंच और आसान होने की उम्मीद है।

इंटरचेंज से सफर होगा और आसान

तुगलकाबाद स्टेशन मौजूदा वायलेट लाइन से जुड़ने की योजना का हिस्सा है। इसका मतलब है कि यात्रियों को दिल्ली मेट्रो के दूसरे हिस्सों में जाने के लिए बेहतर इंटरचेंज विकल्प मिलेंगे। वहीं गोल्डन लाइन का विस्तार आगे चलकर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक भी किया जाना है। इस विस्तार को भी फेज-V(A) में मंजूरी मिल चुकी है।

ये भी पढ़ें- NIA का बड़ा एक्शन: रुड़की से पकड़ा गया सहारनपुर का युवक, 17 करोड़ के नकली नोट मामले में पूछताछ तेज, मची खलबली

दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद

सरकारी जानकारी के मुताबिक फेज-4 के तीन प्राथमिकता वाले कॉरिडोर का निर्माण जारी है और इनकी कुल परियोजना में करीब 80.43 प्रतिशत सिविल निर्माण कार्य पूरा हो चुका था। इन कॉरिडोर को दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की संभावना बताई गई है।

Location :  New Delhi

Published :  20 September 2026, 10:49 AM IST