कटक अस्पताल अग्निकांड: 10 मरीजों की मौत के बाद सरकार सख्त, मुख्यमंत्री ने बनाई फैक्ट-फाइंडिंग टीम

ओडिशा के कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा ICU में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना की जांच के लिए फैक्ट-फाइंडिंग टीम का गठन किया है और मुआवजे का ऐलान किया है, पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें…

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 March 2026, 8:04 PM IST

Odisha: ओडिशा के कटक स्थित SCB Medical College and Hospital में ट्रॉमा केयर यूनिट के ICU में लगी भीषण आग की घटना के बाद राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई थी, जबकि 11 अस्पताल कर्मचारी झुलस गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने फैक्ट-फाइंडिंग टीम का गठन कर दिया है, जो पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।

देर रात लगी आग से मचा था हड़कंप

यह दर्दनाक हादसा सोमवार तड़के करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ, जब अस्पताल के ट्रॉमा ICU में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही मिनटों में ICU का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
उस समय ICU में कई गंभीर मरीज भर्ती थे, जिनमें से कई वेंटिलेटर और लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। आग लगते ही डॉक्टरों और नर्सों ने तुरंत मरीजों को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे।

दमकल टीम और स्टाफ ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस दौरान अस्पताल स्टाफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मदद से ICU में भर्ती 23 मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया। हालांकि कई मरीजों की हालत गंभीर थी और हादसे के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई।

UP STF का बड़ा एक्शन: रायपुर जेल से फरार कैदी पिंटू गिरफ्तार, आगरा के पीपल गेट पर कर रहा था ये काम

मरीजों को बचाते समय झुलसे कर्मचारी

मरीजों को बाहर निकालने के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी भी झुलस गए। बताया जा रहा है कि ये सभी कर्मचारी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने बनाई फैक्ट-फाइंडिंग टीम

घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए फैक्ट-फाइंडिंग टीम का गठन किया है। यह टीम आग लगने के कारणों, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही की जांच करेगी। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

UP Crime: मुजफ्फरनगर में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार

मुआवजे का ऐलान

इस हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई हैवहीं राज्य सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

फिलहाल अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों की विशेष निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Location : 
  • Odisha

Published : 
  • 16 March 2026, 8:04 PM IST