
Tewolde Gebremariam (IMG: Dynamite News)
New Delhi: लगातार चुनौतियों, भारी घाटे और विमान हादसे के बाद बढ़ी सख्त निगरानी के बीच Air India ने अपनी कमान एक ऐसे अनुभवी चेहरे को सौंप दी है, जिसने पहले भी मुश्किल हालात में एयरलाइन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था। टाटा समूह की एयरलाइन ने बड़ा नेतृत्व परिवर्तन करते हुए टेवोल्डे गेब्रेमारियम को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त कर दिया है। माना जा रहा है कि कंपनी अब अपने ऑपरेशन, मुनाफे और भरोसे को फिर से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है।
कैंपबेल विल्सन की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी
Air India के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आधिकारिक तौर पर टेवोल्डे गेब्रेमारियम की नियुक्ति का ऐलान किया है। वह कैंपबेल विल्सन की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी के मुताबिक, विल्सन ने वर्ष 2024 में ही चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को पद छोड़ने की अपनी योजना के बारे में जानकारी दे दी थी। अब बोर्ड ने नए नेतृत्व के साथ एयरलाइन के अगले चरण की शुरुआत करने का फैसला लिया है।
मुश्किल दौर से गुजर रही है एयरलाइन
यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब Air India कई चुनौतियों का सामना कर रही है। पिछले साल हुए विमान हादसे में 260 लोगों की मौत के बाद कंपनी पर नियामक एजेंसियों की निगरानी बढ़ गई। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर उड़ानों और ऑपरेशन पर भी पड़ा है। बढ़ती लागत और परिचालन संबंधी दबाव ने एयरलाइन की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित किया है।
कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम?
टेवोल्डे गेब्रेमारियम को वैश्विक एविएशन इंडस्ट्री के सबसे सफल अधिकारियों में गिना जाता है। उन्होंने इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के रूप में 10 साल से ज्यादा समय तक नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में कंपनी ने अरबों डॉलर का विस्तार किया और एक रीजनल एयरलाइन से अफ्रीका के सबसे बड़े और सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाले एयरलाइन ग्रुप का दर्जा हासिल किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके नेतृत्व में एयरलाइन का रेवेन्यू चार गुना से ज्यादा बढ़ा, जबकि फ्लीट का आकार लगभग तीन गुना हो गया।
नई जिम्मेदारी पर क्या बोले नए CEO?
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कहा कि Air India अपने इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में इसका नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने भरोसा जताया कि चेयरमैन, बोर्ड, कर्मचारियों और सभी साझेदारों के साथ मिलकर वह एयरलाइन को विश्वसनीय, मजबूत और लंबी अवधि की विकास यात्रा पर आगे बढ़ाएंगे। उनका कहना है कि भारतीय मेहमाननवाजी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और ऑपरेशन को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस रहेगा।
Location : New Delhi
Published : 5 August 2026, 7:50 PM IST