C3401 में 4 घंटे का मौत जैसा सफर: आसमान में दहशत, यात्रियों की आंखों के सामने तैरती रही जिंदगी और मौत

हैदराबाद से हुब्बल्ली जा रही Fly91 की फ्लाइट IC3401 में तकनीकी खराबी के बाद 4 घंटे तक यात्रियों को डर और दहशत के बीच आसमान में भटकना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्रियों की चीख-पुकार और आंसू साफ दिखाई दे रहे हैं। आखिरकार विमान की बेंगलुरु में सुरक्षित लैंडिंग हुई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 April 2026, 1:44 PM IST

New Delhi: हवाई यात्रा को आमतौर पर सबसे सुरक्षित और आरामदायक माना जाता है, लेकिन Fly91 की फ्लाइट IC3401 में जो हुआ उसने यात्रियों के इस भरोसे को हिला दिया। हैदराबाद से हुब्बल्ली जा रही यह फ्लाइट अचानक तकनीकी खराबी की चपेट में आ गई और लगभग 4 घंटे तक आसमान में भटकती रही। इस दौरान विमान के अंदर बैठे यात्री अपनी जान को लेकर बुरी तरह डरे थे।

आसमान में मची अफरा-तफरी और चीखें

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विमान के अंदर का माहौल कितना भयावह था। एक महिला भगवान से प्रार्थना करते हुए रोती नजर आई, जबकि अन्य यात्री घबराकर “ओह माय गॉड” और मदद की पुकार लगाते रहे। विमान के अंदर डर का ऐसा माहौल था कि कई लोग एक-दूसरे को संभालने की कोशिश कर रहे थे और कह रहे थे “रो मत, कुछ नहीं होगा।”

कैसे शुरू हुआ पूरा संकट

जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट दोपहर 3 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हुब्बल्ली के लिए रवाना हुई थी। इसे शाम 4:30 बजे लैंड करना था, लेकिन हुब्बल्ली के पास पहुंचते ही विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद पायलट ने तुरंत लैंडिंग रोक दी और विमान को सुरक्षित स्थान खोजने के लिए हवा में ही रखा। विमान करीब 4 घंटे तक कर्नाटक के मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा जैसे इलाकों के ऊपर चक्कर लगाता रहा। इस दौरान यात्रियों में बेचैनी और दहशत लगातार बढ़ती रही।

यात्रियों की गुहार और अनिश्चितता

खौफ के इन पलों में कई यात्रियों ने पायलट से आग्रह किया कि उन्हें बेंगलुरु या बेलगाम जैसे नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा जाए। विमान के अंदर एक यात्री की आवाज भी रिकॉर्ड हुई जिसमें वह घबराकर पूछता है, “वह ऐसा क्यों कर रहा है?” परिजनों का आरोप है कि इस दौरान एयरलाइंस की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे जमीन पर मौजूद परिवार भी लगातार चिंता में रहे। संचार की कमी ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया।

बेंगलुरु में आखिरकार राहत की सांस

कई घंटों की जद्दोजहद के बाद पायलट ने बड़ा फैसला लेते हुए विमान को बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया। शाम करीब 7:30 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। जैसे ही विमान जमीन पर उतरा, यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन इन 4 घंटों का डर और तनाव उनके दिमाग में लंबे समय तक बना रहेगा।

Location :  New Delhi

Published :  20 April 2026, 1:44 PM IST