Site icon Hindi Dynamite News

मुंबई में प्री-मानसून की शुरुआत, जानिए महाराष्ट्र में कब से होगी झमाझम बारिश

20 मई की शाम को मुंबई में अचानक मौसम बदल गया और प्री-मानसून की पहली बारिश ने शहर को भिगो दिया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: Poonam Rajput
Published:
मुंबई में प्री-मानसून की शुरुआत, जानिए महाराष्ट्र में कब से होगी झमाझम बारिश

मुंबई : 20 मई की शाम को मुंबई में अचानक मौसम बदल गया और प्री-मानसून की पहली बारिश ने शहर को भिगो दिया। बारिश के साथ-साथ तेज आंधी और बिजली भी गिरी, जिससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।

उपनगरों में बारिश का ज्यादा असर

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,  पश्चिमी उपनगरों में सबसे ज्यादा बारिश हुई। जोगेश्वरी में 63 मिमी, अंधेरी (मालपा डोंगरी) में 57 मिमी और अंधेरी (पूर्व) में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। पवई (38 मिमी), भांडुप (29 मिमी) और टेंभी पाड़ा (27 मिमी) जैसे पूर्वी उपनगरों में भी अच्छी बारिश हुई।

जलभराव लेकिन स्थिति नियंत्रण में

रात 8 से 11 बजे के बीच दक्षिण मुंबई में औसतन 12.86 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 15.65 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 26.63 मिमी बारिश हुई। अंधेरी सबवे में जलभराव से यातायात बाधित हुआ, लेकिन शहर के बाकी हिस्सों में कोई बड़ी समस्या नहीं हुई।

कोई बड़ी दुर्घटना नहीं

एक पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटना को छोड़कर कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई। लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रहीं, हालांकि कुछ यात्रियों ने मामूली देरी की शिकायत की।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि 21 से 24 मई के बीच महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसकी वजह अरब सागर में कर्नाटक तट के पास बन रहा चक्रवाती परिसंचरण तंत्र है, जो 22 मई के आसपास कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है।

40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी

मौसम विज्ञानी शुभांगी भूटे के मुताबिक, इस सिस्टम के चलते मुंबई, दक्षिण कोंकण और दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चल सकती हैं और गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है

मौसम विभाग स्थिति पर नजर रख रहे हैं। लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

बता दें कि, प्रदेशभर में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में गर्मी ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। यूपी की बात करें तो यहां भी जिलों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। लेकिन आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट किया है।

Exit mobile version