Independence Day 2025: आज़ादी के 78 साल बाद भी मानसिक गुलामी से जूझ रहा है भारत, क्या वाकई हम आज़ाद हैं?

5 अगस्त 2025 को भारत अपनी आज़ादी की 78वीं वर्षगांठ मना रहा है। हर ओर तिरंगा लहराएगा, देशभक्ति गीत बजेंगे और देश फिर से स्वतंत्रता का जश्न मनाएगा। भारत ने 78 साल पहले अंग्रेज़ों की गुलामी से आज़ादी पाई, लेकिन क्या हम आज भी मानसिक रूप से स्वतंत्र हैं? जाति, धर्म, सोच और समाज के दबावों से जूझते भारत की एक सच्ची तस्वीर।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 14 August 2025, 11:45 AM IST

New Delhi: 15 अगस्त 2025 को भारत अपनी आज़ादी की 78वीं वर्षगांठ मना रहा है। हर ओर तिरंगा लहराएगा, देशभक्ति गीत बजेंगे और देश फिर से स्वतंत्रता का जश्न मनाएगा। लेकिन इस गौरवपूर्ण क्षण के बीच एक गहरा सवाल उभरता है क्या हम सच में मानसिक रूप से आज़ाद हो पाए हैं?
भारत ने 1947 में अंग्रेज़ों की शारीरिक गुलामी से मुक्ति पाई थी, लेकिन आज भी करोड़ों लोग जाति, धर्म, लैंगिक भेदभाव, सामाजिक दबाव और मानसिक सीमाओं में जकड़े हुए हैं।

सोच की आज़ादी अभी भी एक सपना

स्वतंत्रता का असली अर्थ केवल राजनीतिक या भौगोलिक आज़ादी नहीं है, बल्कि यह उस आज़ादी से जुड़ा है जहां हर नागरिक बिना डर के सोच सके, बोल सके और निर्णय ले सके। अफसोस की बात यह है कि आज भी बड़ी संख्या में लोग अपने विचारों को खुलकर रखने से डरते हैं।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, समाज में बदनामी, पारिवारिक दबाव और धार्मिक कट्टरता आज के भारत की सच्चाई है। क्या यह मानसिक आज़ादी है, जब किसी को अपने धर्म, जाति या यौन पहचान छिपानी पड़ती है?

जाति, धर्म और लैंगिक भेदभाव से कब मिलेगी आज़ादी?

आज भी भारत के गांवों और छोटे शहरों में जातिवाद जड़ें जमाए बैठा है। अंतरजातीय विवाह को लेकर हिंसा की खबरें आम हैं। महिलाओं को अपने अधिकारों और इच्छाओं के लिए आज भी संघर्ष करना पड़ता है। LGBTQ+ समुदाय को आज भी सामाजिक स्वीकृति नहीं मिली है। मानसिक गुलामी सिर्फ शिक्षा की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक सोच की जंजीर है।

डिजिटल आज़ादी या नई मानसिक कैद?

2025 का भारत इंटरनेट और स्मार्टफोन से लैस है, लेकिन इसके साथ एक नई तरह की मानसिक गुलामी भी सामने आई है डिजिटल गुलामी। लोग अब अपने विचार खुद नहीं बनाते, वे ट्रेंड और वायरल पोस्ट से प्रेरित होकर सोचते हैं। फेक न्यूज, हेट स्पीच और धार्मिक उकसावे ने विचारों की स्वतंत्रता पर हमला किया है।

शिक्षा: आज़ादी की असली कुंजी

भारत की शिक्षा प्रणाली अब भी रट्टा और नंबरों पर आधारित है। रचनात्मक सोच, सवाल पूछने की आदत और आलोचनात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की सख्त ज़रूरत है। जब तक युवा सोचने के लिए स्वतंत्र नहीं होंगे, तब तक मानसिक आज़ादी अधूरी रहेगी।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 14 August 2025, 11:45 AM IST