
डोनाल्ड ट्रंप (Img- Pinterest)
Washington: अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन के भीतर इन दिनों अविश्वास और खौफ का माहौल है। ईरान के साथ बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच अमेरिका की एक बेहद गोपनीय और संवेदनशील रिपोर्ट मीडिया में लीक हो गई। इस लीक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूरे प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
सेना के भीतर छिपे उस 'घर के भेदी' यानी व्हिसलब्लोअर का सच सामने लाने के लिए ट्रंप प्रशासन ने एक अभूतपूर्व कदम उठाते हुए अपने ही 50 उच्चस्तरीय सैन्य अधिकारियों और नागरिक कर्मचारियों का पॉलीग्राफ (लाई डिटेक्टर) टेस्ट कराया है।
हाल ही में अमेरिकी पत्रकारों तक एक बेहद गोपनीय रिपोर्ट पहुंची थी, जिसने अमेरिकी सैन्य ताकत पर सवाल खड़े कर दिए। इस रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के खिलाफ सैन्य गतिविधियों के बीच अमेरिका के पास लंबी दूरी की मिसाइलों और पैट्रियट एयर डिफेंस इंटरसेप्टर जैसे अहम हथियारों का भंडार तेजी से खत्म हो रहा है।
देश की सुरक्षा से जुड़ी इस कमजोरी का सार्वजनिक होना पेंटागन और राष्ट्रपति ट्रंप के लिए बड़ा झटका साबित हुआ, क्योंकि इससे दुश्मन देश को अमेरिका की स्थिति का अंदाजा हो गया।
अमेरिका से आई एक रिपोर्ट ने हिलाया ग्लोबल बाजार, धड़ाम हुए सोना-चांदी के भाव; जानिए भारत पर इसका असर
लीक के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांचकर्ताओं ने अगस्त के दौरान पेंटागन के करीब 50 ज्वाइंट स्टाफ सदस्यों को जांच के घेरे में लिया। लाई डिटेक्टर मशीन से लैस जांचकर्ताओं ने अधिकारियों से सीधे तौर पर पूछा कि क्या उन्होंने घटते हथियार भंडार या ईरान युद्ध से जुड़ी कोई भी खुफिया जानकारी किसी पत्रकार के साथ साझा की थी। रक्षा विभाग के प्रवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पेंटागन और व्हाइट हाउस का मानना है कि इस तरह की क्लासिफाइड जानकारी लीक होने से न केवल देश की सुरक्षा संकट में पड़ी है, बल्कि दुनियाभर में तैनात अमेरिकी सैनिकों की जान पर भी जोखिम बढ़ गया है।
इस घटना से बेहद गुस्साए राष्ट्रपति ट्रंप ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि लीक के पीछे जिस भी अधिकारी का हाथ पाया जाएगा, उसे लंबे समय तक जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल पेंटागन में इस बात को लेकर हलचल तेज है कि आखिर वह कौन सा अफसर है जिसने यह बड़ा दुस्साहस किया।
Location : Washington
Published : 5 September 2026, 10:48 AM IST