रूस के ऊफा मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से हमला, चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल। भारतीय दूतावास सक्रिय, कजान से अधिकारी ऊफा रवाना, मामले की जांच जारी।

ऊफा मेडिकल यूनिवर्सिटी (Img Source: Google)
Moscow: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफा (Ufa) स्थित एक स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में शनिवार रात चाकू से हमला होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए। घटना की पुष्टि भारतीय दूतावास ने की है। दूतावास के अनुसार, सभी घायल भारतीय छात्र अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह स्थानीय रूसी प्रशासन के संपर्क में है। साथ ही कजान (Kazan) स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी ऊफा के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को हरसंभव मदद दी जा सके। दूतावास ने साफ कहा है कि रूस में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
An unfortunate incident of attack has occurred in Ufa. Several persons including four Indian students have been injured. The Embassy is in touch with the authorities and the officials from the Consulate in Kazan are on their way to Ufa to provide assistance to the injured…
— India in Russia (@IndEmbMoscow) February 7, 2026
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को करीब 15 साल का एक किशोर विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल हुआ और सीधे छात्रों के हॉस्टल में पहुंच गया। वहां उसने अचानक चाकू से छात्रों पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि कई छात्र संभल भी नहीं पाए और घायल हो गए। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
India US Trade Deal: क्या रूस से तेल नहीं खरीदेगा भारत, इस कदम से देश को क्या होगा नफ़ा-नुकसान
रूसी आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, जब पुलिस आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची, तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में घायल चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, आरोपी किशोर को बच्चों के एक विशेष अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है।
भारत को मिलने जा रही रूस की Yasen-Class परमाणु पनडुब्बी, सैन्य ताकत में कितना पीछे है पाकिस्तान?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आरोपी का संबंध एक प्रतिबंधित नव-नाजी (Neo-Nazi) संगठन से हो सकता है। बताया जा रहा है कि हमला करते समय वह राष्ट्रवादी नारे भी लगा रहा था। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां इस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।
घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यह हमला रूस में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।