
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Source Internet)
New Delhi: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड डील को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि दोनों देश ऐतिहासिक व्यापार समझौते के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
उन्होंने बताया कि डील से जुड़े ज्यादातर अहम मुद्दों पर सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है और अब केवल कानूनी व तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सर्जियो गोर के मुताबिक, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का बड़ा हिस्सा लगभग तय हो चुका है। अब दोनों देशों के अधिकारी दस्तावेजों की भाषा और तकनीकी बिंदुओं पर काम कर रहे हैं, ताकि समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अक्टूबर 2026 में भारत दौरे पर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान ट्रेड डील से जुड़े बाकी मुद्दों पर चर्चा होगी और समझौते को आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने संकेत दिए हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी जल्द भारत दौरे पर आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रंप भारत आने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं। हालांकि अभी यात्रा की तारीखों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
सर्जियो गोर के अनुसार, व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में हुई बैठक के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत यात्रा को लेकर उत्सुकता दिखाई थी और पूछा था, "मैं भारत कब आ रहा हूं?"
राजदूत ने कहा कि ट्रंप प्रशासन भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने वाले प्रस्ताव पर सर्जियो गोर ने कहा कि यह अमेरिकी कांग्रेस से जुड़ा मामला है, न कि सीधे व्हाइट हाउस या राष्ट्रपति ट्रंप का फैसला।
Location : New Delhi
Published : 4 September 2026, 5:04 PM IST
Topics : Donald Trump India Visit India America Relations India US Business Deal India US Trade Deal Marco Rubio India Visit