अल्बानिया ने इतिहास रचते हुए दुनिया की पहली एआई मंत्री नियुक्त की है। डिएला नामक इस वर्चुअल मंत्री ने संसद में अपना पहला भाषण दिया।

अल्बानिया में पहली बार AI बनी मिनिस्टर
Tirana: दुनिया भर में तकनीक लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है और इसी कड़ी में अल्बानिया ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसने सबको चौंका दिया। अल्बानिया ने दुनिया की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मंत्री नियुक्त की है। इस वर्चुअल मंत्री का नाम डिएला है, जिसे अल्बानिया की नेशनल एजेंसी फॉर सोसाइटी ने माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से विकसित किया है। प्रधानमंत्री एदी रामा ने 12 सितंबर को डिएला को सार्वजनिक खरीद मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी।
डिएला ने संसद में अपने पहले भाषण के दौरान विपक्ष के सवालों और आलोचनाओं का जवाब दिया। विपक्ष का आरोप है कि एआई मंत्री की नियुक्ति असंवैधानिक है, क्योंकि वह इंसान नहीं हैं। इस पर डिएला ने कहा, “संविधान को असल नुकसान मशीनों से नहीं, बल्कि सत्ता में बैठे लोगों के अमानवीय फैसलों से होता है।” उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद इंसानों की जगह लेना नहीं, बल्कि उनके काम को सरल और पारदर्शी बनाना है।
संसद में उपस्थित होने के दौरान डिएला अल्बानिया की पारंपरिक पोशाक में नजर आईं। उनका चेहरा और आवाज मशहूर अल्बानियाई एक्ट्रेस अनिला बिशा से प्रेरित है। दिलचस्प बात यह है कि “डिएला” का अर्थ अल्बानियाई भाषा में “सूरज” होता है, जो आशा और रोशनी का प्रतीक है।
US Tariffs: ट्रेड रिलेशन में राहत? 30 नवंबर के बाद खत्म हो सकता है अमेरिका का 25% टैरिफ
प्रधानमंत्री एदी रामा ने डिएला को विशेष रूप से पब्लिक टेंडर प्रक्रिया की निगरानी के लिए नियुक्त किया है। सरकार का मानना है कि एआई मंत्री के जरिए निविदा प्रक्रिया में सौ प्रतिशत पारदर्शिता लाई जा सकती है। एदी रामा का कहना है कि इससे भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म होगा और सार्वजनिक निधियों का सही उपयोग सुनिश्चित होगा।
भाषण के दौरान डिएला ने विपक्ष द्वारा लगाए गए असंवैधानिक नियुक्ति के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और पारदर्शिता के मूल्यों को अपनाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके काम करने का तरीका इंसानों जितना ही नहीं, बल्कि उससे अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष होगा।
Dollar VS Rupee: डॉलर के सामने दिन-ब-दिन फिसल रहा रुपया, सामने आई गिरावट की चौंकाने वाली वजह
अल्बानिया इस समय यूरोपीय संघ में शामिल होने की प्रक्रिया में है, लेकिन भ्रष्टाचार इसमें सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। डिएला की नियुक्ति का उद्देश्य सरकारी सिस्टम में भरोसा बहाल करना और भ्रष्टाचार को खत्म करना है। उम्मीद है कि एआई मंत्री की मौजूदगी से अल्बानिया को ईयू सदस्यता हासिल करने की राह में मदद मिलेगी।