ताजमहल का संगमरमर ब्रिटेन में होगा नीलाम: डिजाइन शाहजहां के प्रतीकात्मक समाधि स्थल की सजावट से प्रेरित

ताजमहल से जुड़ी दुर्लभ संगमरमर की पट्टी की नौ दिसंबर को ब्रिटेन में नीलामी होगी। इसकी अनुमानित कीमत 24 से 36 लाख रुपये है। यह कलाकृति 200 साल से अधिक समय से एक ब्रिटिश परिवार के निजी संग्रह में सुरक्षित है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 November 2026, 4:27 PM IST

आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल से जुड़ी एक दुर्लभ कलाकृति इन दिनों चर्चा में है। फूलों की खूबसूरत नक्काशी से सजी संगमरमर की एक ऐतिहासिक पट्टी ब्रिटेन में नीलामी के लिए रखी जाएगी। नौ दिसंबर को होने वाली इस नीलामी में इसकी कीमत 20 हजार से 30 हजार पाउंड यानी करीब 24 से 36 लाख रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। खास बात यह है कि यह कलाकृति 200 साल से अधिक समय से एक ब्रिटिश परिवार के निजी संग्रह में सुरक्षित है। इसके साथ ताजमहल की एक पुरानी तस्वीर और दो ऐतिहासिक पत्र भी नीलामी में पेश किए जाएंगे।

1816 में ब्रिटिश कर्नल को मिली थी संगमरमर की पट्टी

ब्रिटेन के ल्योन एंड टर्नबुल ऑक्शन हाउस की ओर से आयोजित 'इस्लामिक और भारतीय कला' की नीलामी में इस दुर्लभ कलाकृति को शामिल किया गया है। नीलामी से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, यह उन दो संगमरमर की पट्टियों में से एक है, जिन्हें ब्रिटिश कर्नल पाउनोल फिप्स ने वर्ष 1816 में हासिल किया था।

उस समय फिप्स आगरा और आसपास की ऐतिहासिक इमारतों की मरम्मत से जुड़े कार्यों के अधीक्षक थे। उनके बेटे के संस्मरणों के अनुसार, दोनों पट्टियां ताजमहल के एक भूमिगत हिस्से में मिली थीं। कर्नल ने उस समय इन्हें स्मारक की मरम्मत से जुड़ी सामग्री समझा था।

नीलामी में संगमरमर की पट्टी के साथ ताजमहल की एक पुरानी श्वेत-श्याम तस्वीर और दो ऐतिहासिक पत्र भी शामिल होंगे। इनमें एक पत्र फिप्स के पोते से जुड़ा है, जबकि दूसरा मार्क्विस ऑफ बाथ ने अपने हाथों से लिखा था।

आखिर ब्रिटेन कैसे पहुंची ताजमहल से जुड़ी कलाकृति?

कर्नल पाउनोल फिप्स का जन्म वर्ष 1780 में इंग्लैंड के डेवोन में हुआ था। वह 1799 में ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में कैडेट के रूप में शामिल हुए थे। बाद में उन्हें आगरा की ऐतिहासिक इमारतों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नीलामीकर्ताओं के अनुसार, फिप्स ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण को लेकर गंभीर थे। उस दौर में कई यूरोपीय पर्यटक ऐतिहासिक इमारतों से कीमती वस्तुएं यादगार के तौर पर निकालने की कोशिश करते थे।

उनके बेटे के संस्मरण में एक अंग्रेज महिला का भी जिक्र है, जो ताजमहल के संगमरमर में जड़े एगेट पत्थरों को स्टील के कांटे से निकालने का प्रयास कर रही थी।

वर्ष 1823 में फिप्स अपने परिवार के साथ ब्रिटेन लौट गए थे। वर्ष 1858 में उनका निधन हो गया, लेकिन संगमरमर की यह पट्टी उनके परिवार के निजी संग्रह में सुरक्षित रही।

शाहजहां के समाधि स्थल से मिलता है नक्काशी का डिजाइन

इस आयताकार संगमरमर की पट्टी की सबसे बड़ी खासियत इसके किनारों पर बनी फूलों की बारीक नक्काशी है। नीलामीकर्ताओं के मुताबिक, इसका डिजाइन ताजमहल के भीतर मुगल बादशाह शाहजहां के प्रतीकात्मक समाधि स्थल (सेनोटैफ) की सजावट से प्रेरित है।

शाहजहां की मृत्यु वर्ष 1666 में हुई थी। अपनी खूबसूरत नक्काशी, ऐतिहासिक दस्तावेजों और ताजमहल से जुड़ाव के कारण यह कलाकृति मुगलकालीन कला में रुचि रखने वाले संग्रहकर्ताओं के लिए खास मानी जा रही है। अब नौ दिसंबर को होने वाली नीलामी में इसकी अंतिम कीमत तय होगी।

Location :  Agra

Published :  28 November 2026, 4:27 PM IST